PM मोदी ने हल्दिया में विशाल जनसभा को संबोधित किया
भाजपा ने आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार (09 अप्रैल 2026) को प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य में तीन बड़ी चुनावी रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। राजनीतिक दृष्टि से इन चुनावी रैलियों को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसी क्रम में पीएम मोदी ने हल्दिया में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया।
पश्चिम बंगाल के हल्दिया में चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए राज्य की जनता से अपील की, कि 23 अप्रैल 2026 को मतदान करते समय छह गारंटियों को ध्यान में रखें। पीएम मोदी ने कहा, कि बीजेपी की सरकार आते ही भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा जाएगा और हर पुराने घोटाले की फाइल फिर से खुलेगी।
पीएम मोदी ने कहा, कि बंगाल की जनता ने इस बार हर बाधा को पार करने और मुश्किलों को हराने का पूरा मन बना लिया है। उन्होंने इसे सिर्फ एक चुनाव नहीं, बल्कि बदलाव की एक ऐसी आंधी बताया जो टीएमसी की सरकार को विदा करने के लिए काफी है। प्रधानमंत्री ने कहा, कि टीएमसी के राज में काम-धंधे वाली फैक्ट्रियां तो बंद हो गईं, लेकिन घुसपैठियों की फैक्ट्री खूब फल-फूल रही है।
Haldia’s energy reflects a strong wave for change across West Bengal. People are placing their trust in the BJP. @BJP4Bengal https://t.co/uNp6tEPlf3
— Narendra Modi (@narendramodi) April 9, 2026
प्रधानमंत्री ने कहा, कि पूरे देश में हम सबका साथ सबका विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन बंगाल में इसके साथ ही सबका हिसाब होगा, इसलिए सबका साथ सबका विकास और लुटेरों का सबका हिसाब होगा। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने जनता को भरोसा दिलाते हुए 6 बड़ी गारंटियां भी विस्तार से समझाईं, जो बीजेपी सरकार आने पर पूरी की जाएंगी।
पहली गारंटी में उन्होंने कहा कि टीएमसी ने सरकारी सिस्टम में भय फैलाया है। बीजेपी सरकार भय की जगह भरोसा कायम करेगी। दूसरी गारंटी में बीजेपी सरकार में सरकारी सिस्टम जनता की सेवा के लिए जवाबदेह होगा। जबकि तीसरी गारंटी में पीएम मोदी ने वादा किया, कि हर घोटाले हर करप्शन और हर बेटियों के साथ हुए हर अन्याय (रेप केस) की पुरानी फाइलें खुलेंगी।
वहीं चौथी गारंटी में प्रधानमंत्री ने कहा, कि टीएमसी के राज में जिसने भी करप्शन किया है, उसकी जगह जेल में होगी। मंत्री हो या संतरी कानून सबका हिसाब करेगा। टीएमसी का कोई गुंडा अब कानून से बचने वाला नहीं है। पाँचवीं गारंटी में शरणार्थियों और घुसपैठियों का उल्लेख करते हुए कहा, कि जो शरणार्थी हैं उन्हें संविधान के तहत हर हक मिलेगा लेकिन जो घुसपैठिया हैं उनको खदेड़ा जाएगा। उनको भारत में नहीं रहने दिया जाएगा।
छठवीं गारंटी के तहत सरकारी कर्मचारियों के लिए बंगाल में बीजेपी सरकार बनते ही 7वां वेतन आयोग लागू किया जाएगा। बता दें, कि हल्दिया को नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी का गढ़ माना जाता है, जहां भाजपा अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखना चाहती है। वहीं, औद्योगिक क्षेत्र आसनसोल में पार्टी दोबारा अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश में है।
