रुद्रपुर पुलिस ने किशोरी को भागने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार (फोटो साभार: X@ETVBharatUK)
उधम सिंह नगर जनपद अंतर्गत रुद्रपुर के कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गुमशुदा नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है। इस प्रकरण में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। नाबालिग किशोरी के बयान और मेडिकल परिक्षण की रिपोर्ट के आधार पर आरोपित के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार 2 फरवरी को कोतवाली ट्रांजिट कैंप में एक शख्स ने अपनी नाबालिग पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पिता ने बताया, कि उनकी बेटी संदिग्ध परिस्थितियों में घर से गायब हो गई है। जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गवाहों के बयान दर्ज किये।
पुलिस ने किशोरी की तलाश में उत्तर प्रदेश, बिहार सहित अन्य संभावित स्थानों पर दबिश दी। लगातार प्रयासों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण सफलता लगी। पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन रुद्रपुर के बाहर गुमशुदा किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। मौके से 21 कवर्षीय मोहम्मद अशरफ निवासी थाना पंडौल जिला मधुबनी (बिहार) को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित किशोरी को अपने साथ लेकर गया था। किशोरी को तत्काल संरक्षण में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई, चूंकि मामला नाबालिग और महिला से संबंधित है, इसलिए आगे की विवेचना महिला उपनिरीक्षक नेहा ध्यानी को सौंपी गई है। किशोरी के बयान और मेडिकल परीक्षण के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराओं में बढ़ोतरी की गई है।
प्रकरण के संबंध कोतवाली ट्रांजिट कैम्प के निरीक्षक महेश कांडपाल ने बताया, आरोपी से पूछताछ कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है। उन्होंने बताया, कि पुलिस इस मामले में हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है, ताकि नाबालिग पीड़िता को न्याय दिलाया जा सके। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है।

