CM धामी की अध्यक्षता में हुई UIIDB की चौथी बैठक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार (8 अप्रैल 2026) को उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (UIIDB) की चौथी बैठक के दौरान राज्य की महत्त्वपूर्ण अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए, कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, शारदा रिवर फ्रंट कॉरिडोर तथा ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाई जाए और इन्हें प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।
उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (UIIDB) की बैठक के दौरान राज्य की महत्वपूर्ण अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों को हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर तथा ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर परियोजनाओं के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के… pic.twitter.com/oVfvd3XJFH
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) April 8, 2026
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, कि राज्य में यूआईआईडीबी के गठन का मुख्य उद्देश्य निवेश को बढ़ावा देना तथा आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करना है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए सभी संबंधित विभाग गंभीरता, समन्वय और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें। सीएम धामी ने परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही प्रक्रियात्मक जटिलताओं को दूर करने और कार्यों के सरलीकरण पर विशेष बल दिया, ताकि परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतर सके।
सीएम धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए, कि आगामी छह माह के भीतर इन परियोजनाओं के तहत कार्यों की वास्तविक प्रगति दिखाई देनी चाहिए। इसके लिए प्रत्येक परियोजना की स्पष्ट टाइमलाइन निर्धारित की जाए तथा तय समयसीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग एवं समीक्षा करने के भी निर्देश दिए, ताकि किसी भी स्तर पर देरी न हो।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शारदा कॉरिडोर योजना के लिए भूमि की उपलब्धता के साथ ही इस क्षेत्र की भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशीलता का भी अध्ययन करने तथा सुरक्षात्मक उपायों की प्राथमिकता पर ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, कि शारदा नदी के किनारे रिवर फ्रंट के विकास तथा घाटों के सौंदर्यीकरण से इस क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
आधारभूत संरचना विकास बोर्ड की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विशेष रूप से आगामी हरिद्वार कुंभ को ध्यान में रखते हुए गंगोत्री से हरिद्वार तक गंगा स्वच्छता के साथ हरिद्वार एवं ऋषिकेश के घाटों की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान सीएम धामी ने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिये, कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे राज्य के समग्र विकास को गति मिल सके और उत्तराखंड को निवेश के लिए एक आकर्षक गंतव्य के रूप में स्थापित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा, कि शारदा और गंगा कॉरिडोर का मुख्य उद्देश्य राज्य में धार्मिक पर्यटन को और बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना तथा श्रद्धालुओं को सुविधा देना है। उन्होंने कहा, कि दोनों परियोजनाओं में अलग-अलग डिजाइन पर कार्य किये जाएंगे। शारदा कॉरिडोर के तहत बुनियादी ढांचे, पर्यटन और लोगों की आर्थिकी को बढ़ावा देने से संबधित अनेक कार्य किए जाएंगे।
