CM धामी 'बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम' के तहत पहुंचे पौड़ी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार (20 फरवरी 2026) को एक दिवसीय दौरे पर पौड़ी गढ़वाल पहुंचे। रांसी मैदान में सीएम धामी का भाजपा से जुड़े पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में उपस्थित स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम’ के तहत आगामी बजट के लिए सुझाव लिए, जिन्हें नीतिगत निर्णयों में शामिल किया जाएगा। सीएम धामी ने सभी हितधारकों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। कार्यक्रम में बुद्धिजीवियों, युवा, उद्योग प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों तथा विभिन्न क्षेत्रों के लोगों की सहभागिता रही।
पौड़ी गढ़वाल में आयोजित बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम में उपस्थित जनता-जनार्दन एवं प्रबुद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनके सुझाव, अपेक्षाएँ और अनुभवों को जाना। आप लोगों से प्राप्त प्रत्येक सुझाव बजट को समावेशी तथा व्यावहारिक रूप से सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगा। pic.twitter.com/4DJZKIBJNc
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) February 20, 2026
पौड़ी गढ़वाल में आयोजित बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उपस्थित जनता-जनार्दन एवं प्रबुद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनके सुझाव, अपेक्षाएँ और अनुभवों को जाना। इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा, कि आप लोगों से प्राप्त प्रत्येक सुझाव बजट को समावेशी तथा व्यावहारिक रूप से सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “हमारा संकल्प है कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसा बजट पेश करें जो प्रभाव में व्यापक और परिणाम में ठोस हो। ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि’ यही हमारी कार्यशैली का मूल मंत्र है, और इन्हीं सिद्धांतों के अनुरूप आगामी बजट तैयार किया जा रहा है।”
उन्होंने कहा, कि यह बजट समाज के प्रत्येक वर्ग युवाओं, मातृशक्ति, किसानों, श्रमिकों, उद्यमियों और वंचित वर्गों को ध्यान में रखते हुए विकास के संतुलित दृष्टिकोण के साथ बनाया जा रहा है।

