CM धामी ने किया 'टिहरी लेक फेस्टिवल 2026' का शुभारंभ
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार (6 मार्च 2026) को नई टिहरी में “टिहरी लेक फेस्टिवल हिमालयन-O₂, 2026” का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सीएम धामी ने ₹318 करोड़ की लागत से 15.770 किमी लंबे कोटी कालोनी-डोबरा चांटी मोटर मार्ग का शिलान्यास भी किया। साथ ही टिहरी क्षेत्र के विकास हेतु कोटी कालोनी-टिहरी में रोप-वे का निर्माण का ऐलान किया।
सीएम धामी ने टिहरी झील में वोटिंग का लुत्फ भी उठाया। सीएम धामी ने अपने संबोधन में कहा, कि टिहरी झील में वाटर स्पोर्ट्स का अनुभव रोमांचक रहा और यहां मौजूद अपार संभावनाओं को एक बार दोबारा करीब से महसूस किया। मुख्यमंत्री ने विश्वास प्रकट किया, “टिहरी झील आने वाले समय में देश ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में साहसिक खेलों और पर्यटन का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगी।”
नई टिहरी में "टिहरी लेक फेस्टिवल हिमालयन-O₂, 2026” का शुभारंभ करने के साथ ही ₹318 करोड़ की लागत से 15.770 किमी लंबे कोटी कालोनी-डोबरा चांटी मोटर मार्ग का शिलान्यास भी किया। टिहरी क्षेत्र के विकास हेतु कोटी कालोनी-टिहरी में रोप-वे का निर्माण किया जाएगा। pic.twitter.com/HQCNqGmsOy
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) March 6, 2026
उन्होंने कहा, कि देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरा आध्यात्मिकता और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम रही है। हमारी नदियां, हमारे पर्वत, हमारी झीलें और हमारी परंपराएं पूरे विश्व को आकर्षित करती रही हैं। आज उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए टिहरी झील के किनारे आयोजित ये महोत्सव पर्यटन, खेल और स्थानीय संस्कृति तीनों को एक मंच पर लाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
सीएम धामी ने कहा, कि हिमालय की गोद में बसी टिहरी झील प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत उदाहरण होने के साथ- साथ साहसिक खेलों के आयोजन स्थल के रूप में तेजी से उभर रही है। यहां आयोजित होने वाली राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की विभिन्न जल क्रीड़ा प्रतियोगिताएं न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दे रही हैं, बल्कि उत्तराखंड को वैश्विक खेल मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने का काम भी कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि टिहरी को वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर स्पोर्ट्स के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए टिहरी झील में कयाकिंग, कैनोइंग, जेट-स्की, पैरा-सेलिंग, स्कूबा डाइविंग और अन्य साहसिक गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। यहां आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। ताकि हमारे युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड का नाम रोशन कर सकें।
सीएम धामी ने कहा, कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से भावनात्मक लगाव जगजाहिर है और उन्होंने स्वयं यहां आकर हमें प्रेरित और प्रोत्साहित किया है। मुख्यमंत्री ने पर्यटन और साहसिक खेलों को प्रोत्साहन देेने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों का खास तौर पर उल्लेख किया। उन्होंने कहा, कि आज टिहरी में 400 से अधिक युवा पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। यह जानकारी खुशी देने वाली है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोटी-डोबरा पर्यटन मार्ग का रिमोट दबाकर वर्चुअल शिलान्यास किया। यह मार्ग एशियन डेवलपमेंट बैंक के स्तर पर वित्त पोषित है, जिसकी कुल लागत ₹318 करोड़ है। इस मार्ग की लंबाई करीब 15 किलोमीटर है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने देवडोलियों से आशीर्वाद भी लिया।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, विधायक किशोर उपाध्याय, विक्रम सिंह नेगी, विनोद कंडारी, जिलाधिकारी श्रीमती नितिका खंडेलवाल, नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत व चंबा की अध्यक्ष सोबनी धनोला, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत उपस्थित रहे।
