
CM धामी ने 220 नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, (फोटो साभार: X@DIPR_UK)
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार (17 अगस्त 2025) को मुख्य सेवक सदन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित उत्तराखंड चिकित्सा स्वास्थ्य सशक्तिकरण अभियान में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर सीएम धामी ने 220 नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
सीएम धामी ने नवनियुक्त चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए अपने संबोधन में कहा, कि यह क्षण आपके जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा, कि आप मात्र चिकित्सक नहीं बल्कि देवभूमि के आरोग्य प्रहरी भी हैं। इसीलिए आप सभी को प्रदेश की चिकित्सा को जन सुलभ और नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूर्ण समर्पण और सेवाभाव से कार्य करना होगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, कि प्रदेश के 11 लाख से अधिक पेशेंट्स को ₹21 करोड़ से अधिक की कैशलेस इलाज की सुविधा प्राप्त हो चुकी है। श्रीनगर में कार्डियो और न्यूरोलॉजी तथा हल्द्वानी में कैंसर से संबंधित विशेष चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा, कि आपात स्थिति में सुदूरवर्ती क्षेत्रों से हेली के माध्यम से भी स्वास्थ्य सेवाएं जीवनदायिनी का काम कर रही हैं।
सीएम धामी ने कहा, कि अधिकतर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य केंद्रों के आधुनिकीकरण, पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति और टेलीमेडिसिन सेवा के विस्तार से राज्य में चिकित्सा सेवाओं को नया आयाम मिला है। उन्होंने कहा, कि हम प्रत्येक जनपद में एक-एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं। ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सके।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्य सेवक सदन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित उत्तराखण्ड चिकित्सा स्वास्थ्य सशक्तिकरण अभियान में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 220 नव नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त… pic.twitter.com/5Lh7DjmOpI
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) August 17, 2025
मुख्यमंत्री ने कहा, कि आज उत्तराखंड प्रत्येक क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का भी नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा, कि विकसित भारत का संकल्प उत्तराखंड के विकसित होने से और उत्तराखंड के विकसित होने का संकल्प यहां के समाज, नागरिकों और प्रत्येक क्षेत्र के विकसित होने से ही साकार होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा, कि इन 220 चिकित्सकों में 4 दिव्यांग कोटे के चिकित्सकों को छोड़कर शेष सभी चिकित्सकों को दुरस्त क्षेत्रों में तैनाती देंगे। विभाग शीघ्र ही और चिकित्सकों, नर्सेज और सपोर्टिंग स्टाफ की भी भर्ती करने जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया, कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक राज्य के 220 स्थानों पर बड़े अभियान के तौर पर ब्लड डोनेशन कैंप लगाए जाएंगे और प्रत्येक गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर 25 लाख से अधिक लोगों को इससे लाभान्वित किया जाएगा।
मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, राजकुमार पोरी व श्रीमती सरिता कपूर, राज्य स्तरीय उपाध्यक्ष राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन सुरेश भट्ट, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार, महानिदेशक स्वास्थ्य श्रीमती सुनीता टम्टा समेत चिकित्सक व वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।