दून शहर में 'खाकी' ने बढ़ाया पहरा, (फोटो साभार: @DehradunPolice)
देहरादून में बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कानून व्यवस्था पर उठते सवालों के बाद उत्तराखंड पुलिस ने अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ शुरू किया है। इसी क्रम में पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए चौकस नजर आ रही है। जिससे आम नागरिकों को सुरक्षित होने का संदेश दिया जा रहा है।
गौरतलब है, कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत देहरादून शहर के चौक-चौराहों पर पुलिस की टीमों की सक्रियता नजर आ रही है। सुबह की सैर पर निकलने वाले लोग हों या देर रात्रि काम से लौटने वाले नागरिक हर किसी को सड़कों पर पुलिस की उपस्थिति अब लगातार दिखाई दे रही है।
दून पुलिस की नई पहल आमजन को कराती सुरक्षा का अहसास
एसएसपी दून के निर्देशों पर तड़के प्रातः से ही पुलिस की अलग-अलग टीमें उतरी मैदान में
मार्निंग वॉक पर जाने वाले बुजुर्गों, महिलाओं व बच्चों के साथ साथ अपने काम पर जाने वाली महिलाओं को कराया जा रहा सुरक्षा का अहसास pic.twitter.com/ih0jgrOGW5
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) April 4, 2026
एसएसपी देहरादून परमेंद्र डोबाल ने बताया, कि इस अभियान के तहत पुलिस ने अपनी रणनीति को पूरी तरह बदलते हुए हर स्तर पर सघन चेकिंग अचानक छापेमारी और निरंतर निगरानी को प्राथमिकता दी है। जिसके परिणामस्वरूप आमजन के बीच सुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है। उन्होंने कहा, कि पुलिस की अलग-अलग टीमों ने एक साथ मोर्चा संभाला हुआ है।
एसएसपी का कहना है, कि ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ भी बड़ा अभियान चलाया हुआ है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों और अपराध की योजना बना रहे संदिग्धों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वहीं 16 वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। सभी को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को सीज किए गए है।
पुलिस देर रात तक चल रहे अभियान में यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में भी सख्ती दिखा रही है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस द्वारा किराएदारों और हॉस्टलों के सत्यापन पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। पुलिस विभाग के अनुसार, यह कदम इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि अक्सर अपराधी ऐसे ही स्थानों का उपयोग छिपने के लिए करते है।
उल्लेखनीय है, कि इस पूरे अभियान का सबसे बड़ा सकारात्मक असर ये भी है, कि पुलिस सुबह की मॉर्निंग वॉक से लेकर बुजुर्गों के घर तक पहुंच कर उनका हाल-चाल पूछ रही है। एसएसपी ने कहा, कि ऑपरेशन प्रहार को लगातार जारी रखा जाएगा। इसके तहत सभी थाना क्षेत्रों में दिन और रात दोनों समय सघन चेकिंग छापेमारी और सत्यापन अभियान चलाया जाएगा।
