कार्तिक पूर्णिमा पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी में गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। धर्मनगरी हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भक्तों ने गंगा नदी में पवित्र डुबकी लगाने के बाद शक्तिपीठों में दर्शन किए और मनोवांछित फल की कामना की। सुबह से ही गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ना शुरू हो गया।
बुधवार (5 नवंबर 2025) को सुबह से ही गंंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी और भक्तों ने स्नान दान के साथ अनुष्ठान कर भव्य गंगा आरती के दर्शन किए। गंगा स्नान कर श्रद्धालुओं ने शक्तिपीठ मनसा देवी, चंडी देवी ओर माया देवी मंदिर में दर्शन किए। दिव्य दर्शन के साथ ही श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर 365 दीपों की जोत जलाकर चतुर्थी की पूजा की।
कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी।
हर हर गंगे!#Haridwar#Uttarakhand#KartikaPurnima pic.twitter.com/5q9wQLPEMv
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) November 5, 2025
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होने का महत्व बताया गया है। इस दिन भगवान विष्णु और चंद्रमा की पूजा की जाती है। कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। हिंदू धर्मग्रंथों में वर्णित है, कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा एवं अन्य पवित्र नदियों में स्नान करने से मनुष्य को विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है और विष्णुलोक की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है।
धर्मनगरी हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। हालांकि, श्रद्धालुओं की भारी संख्या के कारण दिल्ली-हरिद्वार हाईवे और शहर की ओर आने वाले मुख्य मार्गों पर लंबा जाम लग गया। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने स्वयं हरकी पैड़ी क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
सबसे अधिक जाम की स्थिति शंकराचार्य चौक, रोडिवेलवाला, लालतारों पुल, शिव मूर्ति चौक, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन आदि क्षेत्र में बनी रही। इस दौरान श्रद्धालुओं को कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ा है। पुलिस एवं प्रशासन की टीमों ने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात की है।

