STF ने मेडिकल स्टोर के संचालक को किया गिरफ्तार, (फोटो साभार: X@UdhamSNagarPol)
एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने औषधि निरीक्षक और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए उधम सिंह नगर में मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहे अवैध नशे के धंधे का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने मेडिकल स्टोर संचालक के कब्जे से लगभग 9416 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल, 1300 टैबलेट व 51 कफ सिरप बरामद किये।
🚨एसएसपी ऊधमसिंहनगर श्री अजय गणपति के कुशल निर्देशन में नशे के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही🚨
➡️ एसटीएफ कुमायूं यूनिट, गदरपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मेडिकल स्टोर पर छापेमारी
➡️ 9416 प्रतिबन्धित कैप्सूल, 1300 टैबलेट व 51 प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद pic.twitter.com/sj7HsBqxjG
— Udham Singh Nagar Police Uttarakhand (@UdhamSNagarPol) March 3, 2026
उत्तराखंड एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने प्रकरण के बारे में जानकारी देते हुए बताया, कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड को अवैध नशे के मुक्त कराने के लिए पुलिस को निर्देशित किया था। इसी क्रम में उत्तराखंड एसटीएफ नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ विवेक कुमार के नेतृत्व में दो मार्च को उधम सिंह नगर जिले के कोतवाली गदरपुर क्षेत्र में प्रतिष्ठित मेडिकल स्टोर पर छापा मारा गया। इस दौरान औषधि निरीक्षक और स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही। छापेमारी के दौरान मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल, गोलियों और कफ सीरप की बरामदगी हुई।
इस मामले में पुलिस ने मेडिकल स्टोर के मालिक 53 वर्षीय राजकुमार निवासी गदरपुर को गिरफ्तार किया है। व्यवसायिक मात्रा में ड्रग्स की बरामदगी होने पर अभियुक्त के खिलाफ थाना गदरपुर पर एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
