
सांकेतिक चित्र
उधम सिंह नगर पुलिस ने उत्तराखंड में अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस अग्रिम कार्यवाही के तहत आवश्यक दस्तावेजों की जांच एवं अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपित महिला को बॉर्डर पार भेजने की तैयारी कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, बांग्लादेशी नागरिक रजिया बेगम, पुत्री अब्दुल माजिद मियां, निवासी ग्राम पंजोरा, थाना कालीगंज, जिला गाजीपुर (बांग्लादेश) सोशल मीडिया के जरिये नाजिम कुरैशी पुत्र कय्यूम कुरैशी निवासी इस्लामनगर, गदरपुर के संपर्क में आई। दोनों के बीच इश्क परवान चढ़ने के बाद वर्ष 2019 में रजिया वर्ष 2019 में वैध पासपोर्ट व वीजा पर भारत आई।
भारत आने के बाद रजिया ने मई 2019 में नाजिम से निकाह कर लिया। इसके बाद वह वीजा खत्म होने पर वापस बांग्लादेश गई और फिर वीजा लेकर भारत लौटी। आरोप है, कि दिसंबर 2020 को वीजा की अवधि समाप्त होने और मई 2024 में पासपोर्ट की वैधता खत्म होने के बाद भी रजिया भारत में अवैध रूप से रह रही थी।
वर्ष 2022 से अगस्त 2025 तक रजिया अपने शौहर नाजिम के साथ हरियाणा में रह रही थी। जिसके बाद वह पुनः गदरपुर में आकर रहने लगी। इसके बाद खुफिया एजेंसी समेत जिले की पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रह रही बांग्लादेशी महिला से पूछताछ की। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेते हुए उसके उद्वासन (Deportation) की कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित महिला के विरुद्ध आवश्यक दस्तावेजों की जांच एवं अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। सूत्रों के अनुसार, बांग्लादेशी महिला को 18 अक्टूबर को बंगलादेश के बॉर्डर पर ले जाया जाएगा। जहां से उसे बंगलादेश डिपोर्ट किया जाएगा।