
बिहार के गया में एक डॉक्टर की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार मीरा देवी नाम की महिला के प्रसव पीड़ा होने के बाद खिजरसराय इलाके के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर ने महिला के पेट में तौलिया छोड़ दिया।
गत 29 जुलाई को डॉक्टर द्वारा महिला का ऑपरेशन किया गया था। परन्तु ऑपरेशन के बाद महिला की तकलीफ बढ़ती ही गई और घाव से निरन्तर मवाद निकल रहा था। महिला की हालत से परेशान परिजन अस्पताल पहुंचे लेकिन फिर भी महिला का दर्द कम नहीं हुआ। इसके बाद परिजनों ने पीड़ित महिला को दूसरे निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टर ने सिटी स्कैन कराने की राय दी।
महिला की सिटी स्कैन की रिपोर्ट देख डॉक्टर अचंभित हो गए क्योंकि महिला के पेट में कुछ सामान दिखाई दे रहा था। इसके बाद जब डॉक्टरों ने दोबारा ऑपरेशन किया तो वे चौंक गए क्योंकि महिला के पेट से तौलिया निकला इस तौलिए का प्रयोग समान्यतौर पर डॉक्टर ऑपरेशन के दौरान करते हैं।
महिला के परिजनो ने बताया कि महिला का पहला प्रसव होना था। इसके लिए गया शहर के आनंदी माई मोड़ के पास एक निजी क्लिनिक में महिला को भर्ती कराया था। 29 जुलाई को डॉक्टर ने ऑपरेशन किया था लेकिन ऑपरेशन के बाद से महिला को लगातार पेट में दर्द रहता था।
डॉक्टर के मुताबिक मरीज की हालत नाजुक है और उसे लगातार खून चढ़ाने की जरूरत हो रही है। वहीं मरीज के परिजन पेट में तौलिया छोड़ने वाले डॉक्टर के खिलाफ अब कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहे हैं।