सांकेतिक चित्र
रुद्रपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। क्षेत्र में रहने वाली महिला ने फाइनेंस कंपनी के वसूली एजेंट पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता के पति ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता के पति की तरफ से पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया, कि महिला के पति ने फाइनेंस कंपनी से कर्ज लिया था। इस लोन की मासिक किस्त 1320 रुपये निर्धारित की गई थी। पीड़िता के पति का कहना है, कि उसने तीन महीनों की किश्त उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी फाइनेंस कंपनी के वसूली एजेंट को दे दी थी।
पीड़िता के पति के अनुसार, वसूली एजेंट प्रत्येक महीने किश्त लेने के लिए उसके घर पर आता था। पीड़ित के मुताबिक, 2 फरवरी 2026 को जब वह घर पर मौजूद नहीं था, तभी आरोपी वसूली एजेंट उसके घर पहुंचा। आरोपी उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर काशीपुर रोड स्थित एक होटल में ले गया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
आरोप है, कि घटना को अनजान देने के बाद आरोपी ने उसकी पत्नी को धमकी भी दी, कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया, तो उसका अंजाम बहुत बुरा होगा। पीड़िता के पति के अनुसार, घटना के बाद से उसकी पत्नी गहरे मानसिक तनाव से गुजर रही है। इस घटना के बाद आरोपी न तो किस्त लेने के लिए घर आया और न ही फोन कॉल का जवाब दे रहा है।
मामले में रुद्रपुर कोतवाली के एसएसआई अनिल कुमार जोशी ने बताया, कि मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला पुलिस टीम को घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए भेजा गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा सकें। उन्होंने कहा, कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
