CM धामी ने खटीमा में नवनिर्मित अधिवक्ता चैंबर का उद्घाटन किया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार (15 फरवरी 2026) को एक करोड़ रुपए की लागत से खटीमा सिविल न्यायालय में अधिवक्ताओं हेतु नवनिर्मित चैम्बर का फीता काटकर व दीप प्रज्वलित कर लोकार्पण किया। इस अवसर पर सीएम धामी ने अधिवक्ताओं के लिए 20 नए चैंबर बनाने हेतु 02.50 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
सिविल कोर्ट परिसर, खटीमा (ऊधम सिंह नगर) में अधिवक्ताओं की सुविधा एवं कार्यक्षमता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नव-निर्मित अधिवक्ता चैंबर्स का विधिवत उद्घाटन किया। ये आधुनिक चैंबर्स अधिवक्ताओं को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं पेशेवर कार्य वातावरण प्रदान करेंगे, जिससे न्यायिक कार्यों… pic.twitter.com/2SB2sBTXEy
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) February 15, 2026
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने सर्वप्रथम अधिवक्ताओं को महाशिवरात्रि पर्व और नए चैम्बर बनने की बधाई व शुभकामनायें दी। उन्होने कहा, “नया चैम्बर अधिवक्ताओं के लिए न्यायिक विमर्श व विधि अध्ययन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा तथा न्यायिक कार्य सरलता और त्वरित गति से होंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में न्याय व्यवस्था को और पारदर्शी बनाने हेतु कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पुराने व गैर जरूरी कानूनों को हटाकर वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 लागू करने का ऐतिहासिक काम किया गया है, जिससे न्यायिक व्यवस्था प्रभावी हो रही है।”
उन्होंने कहा, ई-कोट्स प्रोजेक्ट, नेशनल ज्यूडिसियल डाटाक्रेट, फास्टट्रेक, स्पेशल कोर्ट, महिला एवं बाल अपराधों के लिए त्वरित न्याय तंत्र, ऑनलाइन के माध्यम से सुनवाई और डिजिटल केस मैनेजमेंट सिस्टम जैसी पहल से न्याय व्यवस्था में क्रांतिकारी परिवर्तन किए गए हैं।
सीएम धामी ने कहा, कि आज न्यायालयों में तकनीक के प्रभावी उपयोग ने न केवल समय की बचत की है,बल्कि प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित भी बनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश भर में लगभग 7 हजार से अधिक कोर्ट और 11 हजार आवासीय इकाईयों का निर्माण किया गया है, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, कि हम प्रधानमंत्री जी से प्रेरणा लेकर उत्तराखंड में भी न्याय व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने, विधि शिक्षा को और सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, कि खटीमा के हर क्षेत्र में विकास किया जाएगा।

