एक्स मुस्लिम सलीम का हमलावर जीशान (लाल घेरे में) (चित्र साभार: हिंदुस्तान, X@IAbhayPratap)
यूपी स्थित गाजियाबाद के लोनी की अशोक विहार अली गार्डन कॉलोनी में यूट्यूबर ‘एक्स मुस्लिम’ सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में आरोपित जीशान को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। एनकाउंटर के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। अब पुलिस घटना में शामिल फरार आरोपी गुलफाम की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के अधिकारियों ने बताया, कि यू-ट्यूबर सलीम वास्तिक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के आरोपी एक लाख रुपये के इनामी बदमाशों की रविवार रात निठौरा अंडरपास के नजदीक पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल बदमाश जीशान ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। जबकि, दूसरा बदमाश मौके से फरार हो गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, जीशान उन दो हमलावरों में से एक था, जिसने एक्स मुस्लिम सलीम पर जानलेवा हमला किया था। पुलिस को जीशान के पास से एक ‘मेड इन इटली’ पिस्टल बरामद हुई है। पूछताछ में जीशान ने बताया, कि वह सलीम पर हमला करने के बाद खोड़ा इलाके में रह रहा था। वो एक लंबे वक्त से सलीम पर जानलेवा हमले की कोशिश में जुटा हुआ था।
#PoliceCommissionerateGhaziabad#GhaziabadPoliceInNews#UPPInNews#UPPoliceInNews#Ghaziabadpolice pic.twitter.com/VcnMcZfyCu
— POLICE COMMISSIONERATE GHAZIABAD (@ghaziabadpolice) March 2, 2026
बताया जा रहा है, कि सलीम पर हमला करने वाले दोनों आरोपित सगे भाई हैं। मुठभेड़ में मारा गया जीशान और उसका फरार भाई गुलफाम मूल रूप से अमरोहा के सैदनगली गाँव का निवासी है और खोड़ा कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर कारपेंटर का काम करते थे। हमले के बाद उन्होंने टेलीग्राम ग्रुप पर वारदात की जिम्मेदारी लेते हुए फोटो भी पोस्ट की थी।
प्रारंभिक जांच में जीशान के इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ कट्टरपंथी समूहों से जुड़े होने की जानकारी मिली है। जाँच एजेंसियों का मानना है, कि इस वारदात का तरीका उदयपुर के कन्हैया लाल और लखनऊ के कमलेश तिवारी हत्याकांड से मिलता-जुलता है, जहाँ वैचारिक मतभेद के चलते कट्टरपंथियों ने सुनियोजित तरीके से हमला किया था।
बता दें, कि बीते शुक्रवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने एक्स मुस्लिम सलीम के दफ्तर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल सलीम को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी गर्दन का ऑपरेशन हो चुका है और एक अन्य सर्जरी होनी बाकी है। फिलहाल उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

