जल्द खुलेंगे UFO और एरिया 51 से जुड़े राज, (फोटो साभार:X@Area5914)
एलियंस का अस्तित्व है या नहीं’ इस प्रश्न को लेकर पूरी दुनिया में भारी उत्सुकता और हलचल बनी हुई है। इस विषय पर वैज्ञानिक और राजनीतिक स्तर पर बड़े बदलाव देखे जा रहे हैं। दरअसल, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के एलियन को लेकर दिए हालिया बयान के बाद अब डोनाल्ड ट्रंप ने UFO और एलियन से जुड़ी सभी सरकारी फाइलों को सार्वजनिक करने की बात कही है।
गौरतलब है, कि बराक ओबामा के एलियंस के अस्तित्व को लेकर किए गए दावों के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने अब एलियंस और अनआइडेंटिफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट्स (UFO) से जुड़ी तमाम सरकारी फाइलों को सार्वजनिक करने का आदेश दे रहे हैं। ट्रंप ने कहा, कि लोगों की इस विषय में गहरी दिलचस्पी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
बता दें, कि बराक ओबामा ने एक पॉडकास्ट के दौरान एलियंस के सवाल पर जवाब दिया था, कि ब्रह्मांड इतना विशाल है, कि पृथ्वी के बाहर जीवन की संभावना को नकारा नहीं जा सकता, लेकिन उन्होंने यह भी स्पष्ट किया, कि अपने राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान उन्हें ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला, कि एलियंस ने पृथ्वी से संपर्क किया हो। उन्होंने एरिया 51 से जुड़ी साजिशों को भी खारिज कर दिया।
बराक ओबामा ने कहा था, कि कई लोग मानते हैं, कि एरिया 51 में एलियन के शव या UFO हैं, जो पूरी तरह गलत है। ओबामा के इस बयान के कुछ दिन बाद ट्रंप ने जॉर्जिया की यात्रा के दौरान एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, कि ओबामा को ऐसी बातें सार्वजनिक नहीं करनी चाहिए थी।
ट्रंप ने बराक ओबामा पर आरोप लगाते हुए कहा है, कि उन्होंने एलियंस को लेकर हाल में दिए बयान में ‘क्लासिफाइड’ यानी गोपनीय जानकारी का खुलासा किया है। ट्रंप का दावा था, कि यह संवेदनशील जानकारी थी और इसे बाहर लाना गलती थी। हालांकि डोनाल्ड ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया, कि ओबामा ने आखिर कौन-सी गोपनीय जानकारी उजागर की है।
इसके बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में लिखा, “इस मुद्दे पर लोगों की भारी दिलचस्पी को देखते हुए पेंटागन प्रमुख पीट हेगसेथ और अन्य सरकारी एजेंसियों को निर्देश दे रहे हैं, कि वे एलियंस, अनआइडेंटिफाइड एरियल फेनोमेना (UAP) और UFO से जुड़ी फाइलों को पहचानने और उन्हें रिलीज करने की प्रक्रिया शुरू करें।”
अंतरक्षि वैज्ञानिको के अनुसार, ब्रह्मांड की विशालता को देखते हुए पृथ्वी ही एकमात्र ऐसा ग्रह हो, जहाँ जीवन है, इसकी संभावना बहुत कम है। हमारी आकाशगंगा में ही अरबों तारे और ग्रह हैं। हालांकि अब तक ब्रह्मांड में पृथ्वी से बाहर जीवन के कोई निश्चित प्रमाण नहीं मिला है। वहीं नासा व अन्य अंतरिक्ष एजेंसियों के पास भी फिलहाल ऐसा कोई डेटा उपलब्ध नहीं है, जो एलियंस के अस्तित्व की पुष्टि करता हो।

