खैबर पख्तूनख्वा में मिले 1200 वर्ष पुराने मंदिर के अवशेष, (फोटो साभार: X@NaiDilliTimes)
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पुरातात्विक खुदाई के दौरान 1200 साल पुराने मंदिर के अवशेष मिले हैं। इसके अलावा क्षेत्र में 8 प्राचीन स्थलों की जानकारी भी सामने आई है। बता दें, कि स्वात से तक्षशिला तक फैले इस क्षेत्र में इटली के पुरातत्विदों ने खैबर पख्तूनख्वा पुरातत्व निदेशालय के सहयोग से प्राचीन स्थलों का पता लगाया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पुरातत्वविदों ने स्वात से तक्षशिला तक आठ नए प्राचीन स्थलों की खोज की है। स्वात के बारिकोट में लगभग 1,200 साल पुराने एक छोटे मंदिर के अवशेष मिले हैं, जो इस क्षेत्र की सांस्कृतिक और सभ्यतागत विरासत का दुर्लभ प्रमाण है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की जानकारी इटैलियन आर्कियोलॉजी मिशन के डायरेक्टर डॉ. लुका ने दी। उन्होंने बताया, कि मंदिर और आसपास की पुरातात्विक परतों के चारों ओर एक सुरक्षा की दृष्टि से ‘बफर जोन’ बनाने के लिए स्वात नदी तक खुदाई की जा रही है। ये स्थल गांधार सभ्यता की समृद्ध सांस्कृतिक और स्थापत्य विरासत का हिस्सा हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, खैबर पथ परियोजना’ नाम की इस तीन वर्षीय योजना के तहत खुदाई, संरक्षण और विरासत प्रबंधन में प्रशिक्षण के साथ रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। एक जून से शुरू हुई इस परियोजना का उद्देश्य प्रांत में क्षेत्रीय विकास, व्यावसायिक क्षमता निर्माण और पर्यटन को बढ़ावा देना है। इनमें से कई स्थानों पर खुदाई का काम पहले ही शुरू हो चुका है।
उल्लेखनीय है, कि पाकिस्तान में प्राचीन मंदिरों के अवशेष मिलने का क्रम लगातार जारी है, क्योंकि वह मुल्क कुछ दशकों पहले भारत का ही भाग था, लेकिन विभाजन के बाद से पाकिस्तान में अधिकतर मंदिरों की स्थिति दयनीय बनी हुई है।

