
रामानंद सागर के पुत्र प्रेम सागर का निधन, (फोटो साभार: @FTIIOfficial)
रामायण टीवी सीरीयल बनाने वाले रामानंद सागर के बेटे प्रेम सागर का 84 साल की उम्र में निधन हो गया है। बताया जा रहा है, कि प्रेम सागर लंबे समय से बीमार थे और मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने 31 अगस्त 2025 की सुबह लगभग 10 बजे आखिरी सांस ली। उन्होंने विक्रम और बेताल जैसे मशहूर टीवी सीरीयल को निर्देशित और प्रोड्यूस किया था।
प्रेम सागर के निधन पर ‘रामायण’ से जुड़े कलाकारों समेत बॉलीवुड ने शोक प्रकट किया है। रामायण धारावाहिक में ‘लक्ष्मण’ का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, “यह दुखद समाचार शेयर करते हुए मुझे अत्यंत दुख हो रहा है, कि रामानंद सागर जी के पुत्र प्रेम सागर जी परलोक सिधार गए। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें और घरवालों को इस दुख की घड़ी सहने की शक्ति दें।”
Absolutely shocking news we lost Prem Sagar Ji son of Ramanand Sagar ji of Ramayan Om Shanti 🙏😥 pic.twitter.com/jO7s7wShOW
— Sunil lahri (@LahriSunil) August 31, 2025
प्रेम सागर पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) संस्थान के 1968 बैच के छात्र थे। इस दौरान उन्होंने फोटोग्राफी और सिनेमैटोग्राफी सीखी। प्रेम सागर ने रामानंद सागर के प्रोडक्शन हाउस सागर आर्ट्स के बैनर तले बने कई प्रोजेक्ट्स में स्टिल फोटोग्राफर और सिनेमेटोग्राफर के तौर पर काम किया। फिल्म उद्योग में उनके योगदान के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।
उन्होंने ‘ललकार’, ‘चरस’, ‘अलिफ लैला’ जैसी फिल्में बनाई। साथ ही ‘विक्रम और बेताल’ जैसा टीवी सीरियल भी उन्होंने बनाया। इसके अलावा, ‘काकभुशुंडी रामायण’ (2024) और ‘कामधेनु गौमाता’ (2025) का भी निर्माण किया था। उन्होंने ‘हम तेरे आशिक हैं’ (1979) ‘बसेरा’ (2009) और ‘जय जय शिव शंकर’ (2010) जैसे प्रोजेक्ट्स पर भी काम किया था।