PM मोदी ने बंगाल के कूचबिहार में रैली को किया संबोधित, (चित्र साभार: X_Narendra Modi)
पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बड़ी चुनावी रैली को संबोधित किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने स्पष्ट किया, कि इस बार चुनाव में सिर्फ दो विकल्प हैं। एक तरफ टीएमसी का भय है, तो दूसरी तरफ बीजेपी का भरोसा। उन्होंने आरोप लगाया, कि टीएमसी में कटमनी और भ्रष्टाचार का डर व्याप्त है, जबकि बीजेपी विकास को तेज रफ्तार देने का भरोसा देती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार (5 अप्रैल 2026) को राज्य की टीएमसी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, कि जब न्यायिक अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो टीएमसी शासन में आम लोगों की सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है? मालदा में न्यायिक अधिकारियों का घेराव टीएमसी के ‘महा जंगलराज’ का उदाहरण है।
पीएम मोदी ने मालदा की घटना का जिक्र करते हुए बताया, कि वहां जिस तरह न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाया गया, उससे पूरा देश हैरान है। उन्होंने सवाल उठाया, कि जिस राज्य में जज और कानूनी प्रक्रिया ही सुरक्षित नहीं है, वहां आम जनता की सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है? प्रधानमंत्री मोदी ने इसे सरकार के संरक्षण में चलने वाला जंगलराज करार दिया।
पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, कि कूचबिहार में उमड़ा यह जनसैलाब नए बंगाल और भाजपा सरकार के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने टीएमसी पर कड़ा प्रहार किया और महिलाओं के लिए अपनी सरकार की योजनाओं का उल्लेख भी किया।
Today’s rally in Cooch Behar clearly indicates the mood on the ground. Across West Bengal, there is growing anger against TMC’s corruption, violence and collapse of governance.@BJP4Bengal
https://t.co/gMHIFeaMXr— Narendra Modi (@narendramodi) April 5, 2026
कूचबिहार में जनता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कि मतदान के दिन टीएमसी के गुंडे चाहे जितना डराने की कोशिश करें, आपको कानून पर भरोसा रखना चाहिए। उन्होंने विश्वास दिलाया, कि इस चुनाव में बंगाल से डर का माहौल खत्म हो जाएगा और भाजपा की बड़ी जीत से लोगों में आत्मविश्वास जागेगा।
पीएम मोदी ने दावा किया, कि चुनाव के बाद टीएमसी के पापों का पूरा हिसाब होगा और चाहे कोई कितना भी बड़ा व्यक्ति हो कानून अपना काम करेगा। उन्होंने कहा, कि यह बंगाल में लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की दुर्दशा को दिखाता है। उन्होंने कहा, कि 4 मई के बाद टीएमसी के पापों का पूरा हिसाब होगा और कानून अपना काम करेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कि टीएमसी के पापों का घड़ा अब भर गया है, पूरा बंगाल ‘बदलाव’ की गूंज से गूंज रहा है। उन्होंने कहा, कि टीएमसी की कट मनी संस्कृति और ‘भोय’ का मुकाबला करने के लिए, लोगों के पास बीजेपी का ‘भरोसा’ है। उन्होंने कहा कि चाय बागान श्रमिकों, जनजातीय समाज और उत्तर कन्या परियोजना के लिए दिए गए पैसों को राज्य सरकार ने खर्च नहीं होने दिया।
