सांकेतिक चित्र
उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, मोबाइल गेम की लत के चलते 22 साल के मोहम्मद कैफ की मौत हो गई। मृतक के अब्बा फारूक के मुताबिक, वो पूरी रात बस गेम ही खेलता रहता था। बीते गुरुवार को उसकी दिमाग की नस फट गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने ब्रेन हैमरेज बताया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली गेट के खैरनगर गूलर वाली निवासी प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद फारुख ने बताया, कि उनका इकलौता बेटा कैफ उनके काम में हाथ बंटाता था। शुक्रवार को कैफ ऑफिस में बैठा रोजाना की तरह कान में हेडफोन लगाकर मोबाइल पर गेम खेल रहा था, इस दौरान अचानक वो बेहोश होकर गिर पड़ा।
इसके बाद परिजन उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहाँ उसका बीपी चेक किया गया, तो वह 300 से ज्यादा था। उसकी गंभीर हालत के मद्देनजर दिल्ली रेफर कर दिया गया। सफदरजंग अस्पताल में दो दिन चले उपचार के दौरान कैफ ने रविवार सुबह दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने बताया, कि हाई ब्लड प्रेशर के चलते कैफ की दिमाग की नस फट गई थी।
मृतक के अब्बा ने बताया, कि वह लंबे समय से हाई ब्लड प्रेशर की समस्या से जूझ रहा था। लगभग 10 साल पहले उसने बीपी बढ़ने की बात घरवालों को बताई, जिसके बाद से उसका इलाज चल रहा था। इसके साथ ही वह दवाई खाने में भी लापरवाही करता था।
माना जा रहा है, कि ऑनलाइन पबजी गेम खेलते हुए कैफ का ब्लडप्रेशर बढ़ा ओर ब्रेन हेमरेज हो गया। परिवार ने बताया, कि कैफ मोबाइल पर ज्यादा सक्रिय रहता था। ऑनलाइन गेम के साथ ही वह वीडियो रील बनाता रहता था। ज्यादात्तर समय मोबाइल पर सक्रिय रहने के चलते घरवालों ने उसे कई बार टोका भी, लेकिन वह बात मानता नहीं था।

