उत्तराखंड STF ने अवैध हथियारों के सप्लायर मोहम्मद आसिम को दबोचा, (फोटो साभार: X@UdhamSNagarPol)
उत्तराखंड STF और ऊधमसिंह नगर पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित की तलाशी के दौरान पिस्टल, बंदूक और कारतूस बरामद हुए है। गिरफ्तार आरोपी का संबंध पंजाब में हुए नाभा जेल ब्रेक कांड से रहा है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्जकर उसे कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड एसटीएफ और उधमसिंह नगर जिले की रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियारों के अंतर्राज्यीय तस्कर से 4 अवैध ऑटोमेटिक पिस्टल और मैगजीन (32 बोर), 1 अवैध बंदूक डबल बैरल (12 बोर इंडियन ऑडिनेंस), 30 कारतूस (12 बोर), 10 कारतूस (32 बोर) समेत 1 बाइक बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, STF की टीम बीते एक महीने से क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध असलहे सप्लाई होने के मामले में रेकी कर रही थी। इसी क्रम बीते शुक्रवार को पुलिस टीम को गोपनीय सूचना मिली, कि क्षेत्र में अवैध असलहे सप्लाई होने जा रहे है। सूचना का तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम ने काशीपुर फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में ऊधम सिंह नगर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्यवाही में हथियार सप्लायर मौ0 आसिम गिरफ्तार। 04 ऑटोमैटिक पिस्टल, 01 बंदूक व 40 कारतूस बरामद।
वर्ष 2016 में पंजाब में हुए नाभा जेल ब्रेक मामले साढ़े छह साल जेल में निरुद्ध रह चुका है आरोपी। pic.twitter.com/dJsVvm3T6W— Udham Singh Nagar Police Uttarakhand (@UdhamSNagarPol) December 6, 2025
चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार संदिग्ध आता हुआ दिखाई दिया। शक होने पर जब बाइक को रोककर तलाशी ली गई , तो आरोपित से भारी मात्रा में अवैध असलहे बरामद हुए। आरोपित की पहचान 32 वर्षीय मोहम्मद आसिम निवासी ग्राम धनसारा थाना बाजपुर उधम सिंह नगर के तौर पर हुई। आरोपी अपने अब्बा और भाई के साथ बाजपुर में नक्श गन हाउस नाम से दुकान चलाता है।
अवैध हथियारों के तस्कर आसिम ने बताया, कि वह बाजपुर से असलहों की खेप रुद्रपुर सप्लाई करने आया हुआ था। जाँच में सामने आया, कि ये वही गन हाऊस है, जहां वर्ष 2023 में NIA द्वारा गैंगस्टरों को हथियार और कारतूस सप्लाई मामले में रेड की थी। इसके अलावा आरोपी मोहम्मद आसिम का संबंध पंजाब में हुए नाभा जेल ब्रेक कांड से भी रहा है।
बताया जा रहा है, कि आरोपित ने नाभा जेल ब्रेक के आरोपियों को 100 से अधिक कारतूस सप्लाई किए गए थे। जिनका इस्तेमाल जेल ब्रेक के दौरान हुआ था। इस मामले में आरोपी करीब साढ़े 6 साल पटियाला जेल में बंद रहा। पूछताछ में आरोपित ने एसटीएफ को 10 वर्षों में काफी अधिक संख्या में हथियार बेचे जाने की जानकारी दी।
इसके साथ ही अवैध हथियारों के नेटवर्क का भी आरोपी ने खुलासा किया है। इन जानकारियों के आधार पर पुलिस टीम आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

