पत्ता गोभी के कीड़े ने ली 12वीं की छात्रा की जान,(फोटो साभार : टाइम्स नाउ)
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, 18 वर्षीय युवती इल्मा नदीम की दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में फास्ट फूड खाने के बाद मौत हो गई। चिकित्सकों ने संभावना व्यक्त की है, कि पत्ता गोभी में मौजूद कीड़े या संक्रमण की वजह से युवती के दिमाग में गांठें बन गई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 12वीं कक्षा की छात्रा इल्मा को एक महीने पहले टाइफाइड हुआ था और इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ती गई। मेडिकल टेस्ट में उसके दिमाग में कई सिस्ट पाए गए, जो शायद फास्ट फूड में इस्तेमाल की गई पत्तागोभी से हुए पैरासिटिक संक्रमण के कारण थे। हालांकि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
22 दिसंबर को छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया और डॉक्टरों ने ऑपरेशन का फैसला लिया। बीते शनिवार को इल्मा की न्यूरो सर्जरी की गई, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद छात्रा की हालत में सुधार नहीं हो सका और अगली सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना पर पूर्व IMA अध्यक्ष डॉक्टर तनुराज सिरोही ने गंभीर चिंता व्यक्त की है।
यूपी में पत्ता गोभी के कीड़े ने ली जान:सिर में 20-25 गाठें आईं, फास्ट फूड से भी हुई थी मौत; जानिए इतना खतरनाक क्यों
यूपी के अमरोहा में फास्ट फूड खाने से 18 साल की 12वीं की छात्रा इलमा नदीम की दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मौत हो गई। इलमा को एक महीने पहले टाइफाइड हुआ था।… pic.twitter.com/fcEKjbhQZS
— Srishti vishwakarma (@Srishtivishwak4) January 2, 2026
उन्होंने बताया, कि पत्तागोभी और अन्य हरी सब्जियों में टेपवर्म जैसे कीड़े पाए जा सकते हैं, जिनके अंडे मिट्टी या गंदे पानी के जरिए सब्जियों पर चिपक जाते हैं। यदि इन्हें ठीक से धोए बिना या अधपका खाया जाए, तो यह संक्रमण शरीर में पहुंचकर खून के माध्यम से दिमाग तक पहुंच सकता है। इससे न्यूरोसिस्टिसरकोसिस जैसी जानलेवा बीमारी हो सकती है।
गौरतलब है, कि कुछ दिन पहले अमरोहा में ही एक अन्य किशोरी की मौत भी फास्ट फूड खाने से हुई थी। 11वीं क्लास की छात्रा अहाना का दिल्ली के AIIMS में इलाज चल रहा था। चिकित्सकों के अनुसार, ज्यादा फास्ट फूड के सेवन से छात्रा की आंतें ब्लॉक हो गई थी, जिससे उसका पाचन तंत्र बुरी तरह खराब हो गया था। उसकी सर्जरी हुई, लेकिन उसकी भी मौत हो गई।
