
पाकिस्तान से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष इंपोर्ट पर लगा बैन, (फोटो साभार: X/TOI)
कश्मीर के पहलगाम में हुए जिहादी हमले के बाद भारत सरकार द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कई निर्णायक कदम उठाए गए है। इसी क्रम में अब मोदी सरकार ने पाकिस्तान में निर्मित कोई भी वस्तु अथवा पाक से निर्यात हुई किसी भी चीज के आयात और निर्यात पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत सरकार ने पाकिस्तान से आने वाले या पाकिस्तान को जाने वाले सभी सामानों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। इस महत्वपूर्ण निर्णय के बाद अब दोनों देशों के बीच किसी भी तरह का व्यापार नहीं होगा। वाणिज्य मंत्रालय के तहत विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) द्वारा इस संबंध में एक विज्ञप्ति भी जारी की गई।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह फैसला राष्ट्रीय सुरक्षा और पब्लिक पॉलिसी संबंधी मुद्दों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। भारत ने स्पष्ट रूप से कहा है, कि पाकिस्तान से अब किसी प्रकार की व्यापारिक साझेदारी को महत्व नहीं दिया जाएगा। इस निर्णय को तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए वर्ष 2023 की विदेशी व्यापार नीति (FTP) में एक प्रावधान जोड़ा गया है।
India bans imports or transit of all goods originating in or exported from Pakistan pic.twitter.com/BNt7abHgiP
— IANS (@ians_india) May 3, 2025
भारत सरकार द्वारा उठाये गए कदम के बाद अगले आदेश तक पाकिस्तान से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष आयात पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। बता दें, कि इससे पहले कई बार पाकिस्तानी सामान श्रीलंका और दुबई के रास्ते भारत में पहुँचता था। दरअसल, निर्यातक यूएई के नाम पर बिल बनाते हैं और फिर यूएई की कंपनियां सामान पर ‘ओरिजिन कंट्री’ का ठप्पा लगाती हैं। इसके बाद सामान को भारत भेजा जाता है।
भारत द्वारा पाकिस्तान से आयात की जाने वाली वस्तुओं में प्रमुख रूप से ड्राई फ्रूट्स, तरबूज और अन्य फल, सीमेंट, सेंधा नमक, पत्थर, चूना, मुल्तानी मिट्टी, कॉटन, स्टील, चमड़े का सामान आदि शामिल है। जबकि भारत द्वारा पाकिस्तान को को जैविक और अजैविक केमिकल, जीवन रक्षक दवाइयां, कृषि उत्पाद, कपास, चीनी, मिठाइयां, प्लास्टिक और मशीनरी समेत कई वस्तुएं एक्सपोर्ट की जाती है।
उल्लेखनीय है, कि भारत पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए भयावह आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ लगातार सख्त रुख अपना रहा है। इससे पहले सिंधु जल संधि निलंबित करने के साथ अन्य अहम फैसले लिए गए थे। इसके बाद पाकिस्तानी विमानों के लिए भारतीय एयर स्पेस को बंद किया गया। अब पाकिस्तान से भारत आने वाले सामान पर बैन लगाया गया है।