
भारत ने लाहौर का डिफेंस सिस्टम ध्वस्त किया (फोटो साभार: IAI & social media)
पहलगाम जिहादी हमले की जवाबी कार्रवाई में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया है। भारतीय सेना के ताबड़तोड़ एक्शन के बाद पाकिस्तान ने बौखलाहट में भारत के कई अग्रिम स्थानों पर गोलाबारी की हिमाकत की है। हालांकि देश के सशस्त्र बलों ने इसका मुंहतोड़ जवाब देते हुए पाकिस्तान के अंदर गुरुवार (8 मई, 2025) की सुबह कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है।
गुरुवार 8 मई 2025 की शाम विदेश सचिव विवेक मिस्री, कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने प्रेस ब्रीफिंग कर जानकारी दी है, कि भारत ने लाहौर में पाकिस्तान का एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। भारत ने यह कार्रवाई पाकिस्तान के भारतीय सैन्य ठिकानों पर किए गए हमले के जवाब में की है। भारत ने स्पष्ट किया है, कि वह ऐसी सभी हरकतों का उचित जवाब देगा।
इस संबंध में भारत सरकार ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया, “7-8 मई 2025 की रात को पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल करके अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज सहित उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई सैन्य ठिकानों पर हमला करने का प्रयास किया।
आधिकारिक बयान में भारत ने लाहौर में किए गए हमले के विषय में जानकारी दी, “भारत ने भी पाकिस्तान को उसी की भाषा में तीव्रता से जवाब दिया है। इसी क्रम में आज सुबह भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान के कई स्थानों पर एयर डिफेंस रडार और सिस्टम को निशाना बनाया।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है, कि पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामूला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी सेक्टरों में मोर्टार और भारी तोपों का इस्तेमाल करते हुए नियंत्रण रेखा पर बिना उकसावे के गोलीबारी बढ़ा दी है। इस गोलीबारी में तीन महिलाओं और पाँच बच्चों समेत सोलह निर्दोष नागरिकों की जान चली गई है। भारत ने स्पष्ट किया है, कि वह तनाव कम करने के पक्ष में है, लेकिन पहले पाकिस्तानी आर्मी को शांत होना पड़ेगा।
Operation Sindoor
Pakistan's Bid to Escalate Negated- Proportionate Response by India.https://t.co/E6e65goX9R#OperationSindoor@DefenceMinIndia@SpokespersonMoD@HQ_IDS_India pic.twitter.com/mURL8hplRA
— ADG PI – INDIAN ARMY (@adgpi) May 8, 2025
उल्लेखनीय है, कि भारतीय सेना ने 6 से 7 मई की रात में ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया था। लगभग 25 मिनट की इस एयर स्ट्राइक में भारत ने पाकिस्तान और पीओके स्थित लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मुहम्मद जैसे आतंकी संगठनों के 9 ठिकानों को निशाना बनाया था। इसके बाद बौखलाहट में पाकिस्तान ने हमले की नाकाम कोशिश करते हुए सीमा पर गोलीबारी की। हालांकि भारत ने इसका करारा जवाब दिया जिसके बाद पाकिस्तान को गोलाबारी से पीछे हटना पड़ा।