दुर्घटना में मृत शख्स को लूटने वाले शातिर चोर गिरफ्तार, (फोटो साभार: etvbharat)
हल्द्वानी पुलिस ने सड़क दुर्घटना में मृत व्यक्ति को लूटने वाले शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, आरोपियों ने मानवता को शर्मसार करने वाली घटना को अंजाम देते हुए सड़क हादसे में मृत युवक के वाहन से मोबाइल और सोने की अंगूठी चोरी कर ली थी। पुलिस ने सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, नैनीताल पुलिस ने सड़क दुर्घटना में मृत युवक के वाहन से मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मंगलवार 3 मार्च को गोपाल सिंह बिष्ट निवासी बरेली रोड, हल्द्वानी ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी, कि उनके मृतक पुत्र के वाहन से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एक मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी चोरी कर ली गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए टीम गठित की गई। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर की सूचना के आधार पर बीते गुरुवार 5 मार्च 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद उवेश उर्फ मुन्ना (26 वर्ष) निवासी गौजाजाली, थाना बनभूलपुरा तथा मोहम्मद सैफ अली (29 वर्ष) निवासी इन्द्रानगर, थाना बनभूलपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक मोबाइल फोन और एक सोने की अंगूठी बरामद की है। बताया जा रहा है, दोनों अपराधी चोरी की घटना को अंजाम देकर मोके से फरार हो गए थे।
