सांकेतिक चित्र
देहरादून के क्लेमेंनटाइन थाना क्षेत्र स्थित एक यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्र-छात्रा के बीच आपसी झगड़े का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान युवक-युवती ने एक दूसरे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे एक के गले और एक के हाथ में चाकू लग गया।
जानकारी के अनुसार, युवक और युवती की पहले किसी बात पर बहस हुई। कुछ ही देर में बहस झगड़े में तब्दील हो गई। इस दौरान युवती ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद बात और ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद युवक ने भी युवती पर चाकू से वार कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों युवक व युवती को दून अस्पताल लेकर गई, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक युवती क्लेमेनटाउन क्षेत्र में स्थित एक यूनिवर्सिटी में एमसीए प्रथम वर्ष में छात्र है।
युवक और युवती ओगल भट्ठे के पास अलग-अलग प्राइवेट हॉस्टलों में रहते हैं। दोनों के बीच पिछले काफी समय से लव अफेयर चल रहा था। बताया जा रहा है, कि युवक को खबर मिली थी, कि उसकी प्रेमिका का प्रेम प्रसंग कहीं और भी चल रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच जमकर कहासुनी हुई और इस विवाद के चलते दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना के संबंध में एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया, कि सूचना मिलने के बाद थाना क्लेमेंटाउन से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा, जहां पहले से ही एक एम्बुलेंस खड़ी थी। घटना के संबंध में जानकारी करने पर पता चला, कि घायल युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का निवासी है, जबकि युवती देहरादून के रायपुर क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है।
