बेकाबू ट्रक कार के ऊपर पलटा, टक्कर के बाद वाहनों में लगी आग
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह तड़के राजस्थान से टाइल्स ला रहा ट्रक अनियंत्रित होकर एक खड़ी कार से टकरा गया। ट्रक के कार से टकराते ही उसमें आग लग गई और दोनों वाहन धू-धू कर जलने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को सूचित किया।
जानकारी के अनुसार, देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहब्बेवाला चौक पर बुधवार तड़के एक अनियंत्रित ट्रक कार के ऊपर पलट गया। ट्रक के कार के ऊपर पलटने की तेज आवाज और आग की ऊंची लपटें देखकर इलाके के लोग जग गए। आग की लपटें देखकर स्थानीय लोगों द्वारा तुरंत इसकी सूचना फायर बिग्रेड को दी।
सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड और कोतवाली पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची। फायर बिग्रेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही, कि ट्रक के पलटने के बाद और आग लगने से पहले ही चालक बाहर कूद गया। इस कारण उसकी जान बच गई। हालांकि इस दौरान गुम चोट लगने से वो बेहोश हो गया। वहीं खड़ी कार में उस समय कोई सवार नहीं था।
पुलिस के मुताबिक, ट्रक चालक राजस्थान से ट्रक में टाइल्स लेकर देहरादून आ रहा था। देहरादून बॉर्डर में प्रवेश करने के बाद आशारोड़ी से आगे ढलान होने के कारण चालक ने ट्रक से नियंत्रण खो दिया। काफी कोशिशों के बाद भी चालक ट्रक पर काबू नहीं पा सका। इस दौरान बेकाबू ट्रक मोहब्बेवाला में खड़ी कार से टकरा गया। टक्कर लगने के बाद ट्रक चालक को भी चोटें आई है।
बताया जा रहा है, कि ट्रक चालक अभी बेहोशी की हालत में है। इस कारण उसके नाम की जानकारी नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा ट्रक की आरसी में दिए गए नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन मोबाइल नंबर बंद आ रहा है। उधर कार चालक भगवानपुर का रहने वाला हैं। उसने अपनी ब्रेजा कार होटल के सामने खड़ी की हुई थी। घटना में किसी भी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है।

