कोबरा गैंग के दो विदेशी समेत 3 पैडलर गिरफ्तार, (फोटो साभार: X@DehradunPolice)
दून पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए हाई प्रोफाइल ड्रग्स के साथ कोबरा गैंग के दो विदेशी पैडलरों समेत तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के हत्थे चढ़े नशा तस्करों के कब्जे से लगभग 20.92 ग्राम की कोकिन बरामद हुई है, जिसकी कीमत बाजार में करीब बीस लाख रुपए बताई जा रही है।
देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बुधवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया, कि राजपुर थाना क्षेत्र में बीते मंगलवार पुलिस को मुखबिर से कोबरा गैंग के एक बार फिर से सक्रिय होने की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस को पता चला, कि कोबरा गैंग से जुड़े ड्रग पैडलर हाई प्रोफाइल पार्टियों में कोकिन की सप्लाई करने के लिए राजपुर क्षेत्र में आये हुए है।
#ऑपरेशन_प्रहार#एसएसपी_देहरादून की सटीक रणनीति से नशे के सिंडिकेट को ध्वस्त करती #दून_पुलिस।
हाई प्रोफाइल ड्रग्स के साथ कोबरा गैंग के 02 शातिर विदेशी पैडलरों सहित 03 नशा तस्करों को दून पुलिस ने 02 मामलों में अलग-अलग स्थानों से किया गिरफ्तार pic.twitter.com/3097QCwwzn
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) June 3, 2026
गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने थाना क्षेत्र के अंतर्गत अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने जोहड़ी रोड स्थित पुरानी मजार के पास से स्कूटी पर सवार दो विदेशी पैडलरों MICHAEL IKKA MECKSON निवासी सूडान और LEVIKIRI WANIKI को 9.15 ग्राम और सीआईएसएफ तिराहा ओल्ड मसूरी रोड के पास स्विफ्ट डिजायर कार से एक आरोपी जावेद आलम को 11.77 ग्राम कोकिन के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है, कि आरोपी कोकीन को दिल्ली से तस्करी कर देहरादून लाये थे। गिरफ्तार तीनों पैडलर कोबरा गैंग से जुड़े हुए हैं, जो हाई प्रोफाइल पार्टियों में कोकिन की सप्लाई करने आए थे। पूछताछ में विदेशी नशा तस्करों ने बताया, कि गिरोह के सभी विदेशी सदस्य एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और संगठित तौर पर नशा तस्करी कर रहे है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित मूल रूप से सूडान देश के नागरिक है और अक्सर अपने देश से देहरादून आते-जाते रहते है। उनके द्वारा डिमांड के हिसाब से कोकीन दिल्ली से लाकर देश के अलग-अलग हिस्सों में अपने एजेंटो-पेडलरों को सप्लाई की जाती है। पुलिस द्वारा बरामद कोकीन को वे कुछ दिन पहले ही दिल्ली से लेकर आये थे।
आरोपित देहरादून में आयोजित बड़ी-बड़ी पार्टियों, कॉलेज, स्कूल और अन्य स्थानों पर डिमांड के हिसाब से कोकीन की सप्लाई करते है। जिसके लिए उन्हें अपना कमीशन मिलता है। आरोपियों ने बताया, कि कोकीन को अपने एक विदेशी साथी फ्रान्जी से लेकर आए थे।
वहीं गिरफ्तार अन्य नशा तस्कर जावेद से पूछताछ में उसके द्वारा भी बरामद कोकीन को दिल्ली से जॉन नाम के व्यक्ति से लेकर आना और उसे देहरादून में आयोजित होने वाली पार्टियों में कालिंस नाम के एक अन्य ड्रग पैडलर के साथ सप्लाई करने की जानकारी दी।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया, कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के दौरान सामने आए अन्य नशा तस्करों के संबंध में और अधिक जानकारी एकत्र कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है। साथ ही आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को ढाई हजार रुपए नगद पुरूस्कार देने की घोषणा की गई।
बता दें, वर्ष 2026 के शुरुवाती पांच महीने में दून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग तीन करोड़ रुपए अनुमानित कीमत के मादक पदार्थों की बरामदगी की है। पुलिस ने एक किलो 230 ग्राम स्मैक, नौ किलो चरस अन्य मादक पदार्थों, नशीली गोलियों और कैप्सूल के साथ 145 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
