राजधानी देहरादून के तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े मर्डर, (फोटो साभार : अमर उजाला)
देहरादून स्थित तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े एक शख्स को गोली मार दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को दून अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है, कि स्कूटी सवार दो हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा, निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई है। अर्जुन जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे। पुलिस सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुटी है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वहीं हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पूरे शहर की नाकेबंदी कर दी है।
जानकारी के अनुसार, तिब्बती मार्केट में गोली चलने की आवाज सुनकर लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मौके पर लोगों ने अर्जुन शर्मा को सड़क पर तड़पता देखा। इस दौरान लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल शख्स को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल ले जाने के दौरान घायल शख्स का काफी खून बह चुका था।
जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक को गोली मारने की सूचना पर एसएसपी देहरादून अजय सिंह अस्पताल पहुंचे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है, कि 40 वर्षीय अर्जुन शर्मा तिब्बती मार्किट के सामने परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने के लिए आते थे। आज भी वो टेनिस खेल कर वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान दो हमलावरों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी।
इस हत्याकांड के पीछे प्रॉपर्टी का विवाद बताया जा रहा है। ये भी बताया जा रहा है, कि अर्जुन और उसके भाई को उनकी माता ने प्रॉपर्टी से बेदखल कर रखा था। मृतक का अपने पारिवारिक व्यवसाय और पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उनकी मां द्वारा उच्च न्यायालय से अपने बेटे (जिसकी मौत हो गई है) से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा प्राप्त किया जाना भी संज्ञान में आया है।
मृतक के दोस्त राजीव यादव ने दावा किया है, कि अर्जुन को पहले भी कई बार धमकी मिल चुकी थी। इस संबंध में उन्होंने एसएसपी और थाना वसंत विहार में शिकायत भी दर्ज कराई थी। मृतक के दोस्त ने एक शख्स का नाम लेते हुए कहा, कि वो अर्जुन को लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था। फिलहाल पुलिस घटना के खुलासे के लिए सभी तथ्यों पर गहनता से जांच कर रही है।

