मुख्यमंत्री आवास में होली मिलन समारोह, (फोटो साभार : X@DIPR_UK)
देशभर के साथ ही उत्तराखंड में भी रंगों का पर्व होली की धूम है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री आवास में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा, कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला उत्सव है।
सोमवार (2 मार्च 2026) को मुख्यमंत्री आवास में पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान आम और खास ने मुख्यमंत्री धामी को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं प्रेषित की। समारोह में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति की छटा के साथ रंग, संगीत और लोकपरंपराओं का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
ढोलक और हुड़के की थाप, मंजीरे की छनक और मधुर लोकगीतों के साथ होली का उत्सव हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को दर्शाता है। pic.twitter.com/PxMLRHHcy1
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) March 2, 2026
पत्रकारों से बातचीत के दौरान सीएम धामी ने कहा, कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विविधता हमारी शक्ति है और ऐसे आयोजन हमारी पारंपरिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा, कि राज्य सरकार प्रदेश की लोकसंस्कृति, लोकभाषाओं और पारंपरिक कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी सांस्कृतिक विरासत ही उत्तराखण्ड की पहचान है और इसे सहेजना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
समारोह में मंत्रीगण, विधायकगण, प्रशासनिक अधिकारी तथा समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े गणमान्य उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री से भेंट कर होली की शुभकामनाएं प्रेषित की और पारंपरिक ढंग से एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम के दौरान गढ़वाल व कुमाऊँ की पारंपरिक होली के साथ-साथ जौनसार-बावर और तराई क्षेत्र की लोकधुनों ने वातावरण को रंगमय बना दिया।
उल्लेखनीय है, कि मुख्यमंत्री आवास में आयोजित होली मिलन समारोह में प्रदेश भर से आए लोक कलाकारों और होल्यारों ने अपनी अपनी धुनों से माहौल को उत्सवमय कर दिया। इन सबके बीच पौड़ी जिले के राठ क्षेत्र से आई सांस्कृतिक टोली ने भी अपना रंग जमाया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की संगत ने होली गीतों के प्रभाव को और बढ़ा दिया।
स्थानीय लोक कलाकार इस बात से बेहद खुश दिखे, कि उन्हें विशेष तौर पर बुलाया गया। मुख्यमंत्री धामी भी लोक कलाकारों के संग होली के रंगों में पूरी तरह से रंगे नजर आए। वह खुद भी लोक कलाकारों के साथ थिरकने लगे। लोक कलाकारों ने इस मौके पर कहा, कि लोक संस्कृति पर मुख्यमंत्री अच्छा काम कर रहे हैं। राज्य सरकार लोक संस्कृति को बढ़ावा देते हुए, लोक कलाकारों को संरक्षण प्रदान कर रही है।

