सांकेतिक चित्र
देश के कई हिस्सों में इन दिनों LPG गैस की किल्लत ने आम जनता की चिंता बढ़ा दी है। वहीं घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत के अलावा लोगों को शादी समारोहों के लिए पर्याप्त सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच देहरादून में शादी वाले परिवारों के लिए राहत की खबर है।
जानकारी के अनुसार, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग से विवाह समारोह के लिए अधिकतम 2 व्यावसायिक सिलेंडर आवंटित किए जाने के निर्देश प्राप्त हुए है। जिसके तहत अब शादी विवाह समारोह में गैस सिलेंडर के लिए 10 रुपये के स्टांप पेपर पर शपथ पत्र देना होगा और शादी के कार्ड समेत आधार कार्ड के साथ शपथ पत्र संलग्न करते हुए 10 दिन पहले आवेदन करना होगा।
उत्तराखंड शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और पूर्ति निरीक्षक को निर्देश दिए, कि विवाह समारोह के लिए आवेदन पत्र प्राप्त होने पर संबंधित को गैस एजेंसी के माध्यम से अधिकतम 2 व्यावसायिक सिलेंडर उपलब्ध कराए जाए। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं, कि आवेदन पत्र के साथ शपथ पत्र, शादी का कार्ड और आधार कार्ड अवश्य प्राप्त किया जाए।
यह व्यावसायिक सिलेंडर अस्थाई रूप से दिए जा रहे हैं, जिन्हें उपयोग करने के बाद आवेदनकर्ता को संबंधित गैस एजेंसी को जल्द उपलब्ध कराना होगा। जनपद देहरादून में अभी तक इस के लिए कुल 75 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं, जिन्हें व्यावसायिक सिलेंडर दिए जाने के लिए निर्देश दिए जा रहे है। साथ ही संबंधित गैस एजेंसियों को अस्थायी कनेक्शन दिए जाने के लिए निर्देश दिए गए है।
इसके लिए गैस एजेंसियों को 10 प्रतिशत व्यावसायिक सिलेंडर स्टॉक में इस के लिए रखे जाने के लिए निर्देश दिए गए है। वहीं छोटे दुकानदारों, विद्यार्थी, श्रमिकों का गैस की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित गैस एजेंसियों को 5 किलोग्राम के गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। ऑयल कंपनियों को अधिक से अधिक व्यावसायिक सिलेंडर और 5 किलोग्राम के गैस सिलेंडर गैस एजेंसियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन में सभी आवेदनकर्ताओं से अनुरोध किया है, कि देहरादून नगर क्षेत्र अंतर्गत जिला पूर्ति कार्यालय और सभी तहसीलों में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी पूर्ति और निरीक्षक कार्यालय में विवाह समारोह से 10 से 12 दिनों पहले आवेदन करें, जिससे समय से संबंधित गैस एजेंसियों को निर्देश दिए जा सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देहरादून जिले में बीते दिन लगभग 13388 अधिक उपभोक्ताओं को घरेलू और 807 उपभोक्ताओं को व्यवसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई है। एलपीजी का घरेलू 16767 और व्यवसायिक का 4442 स्टॉक उपलब्ध है। वहीं घरेलू के साथ ही व्यवसायिक एलपीजी गैस सिलेंडर का लोड निरंतर बढ़ाया जा रहा है।
