जिला प्रशासन की तत्परता से बची जान, किया एयर रेस्क्यू , (फोटो साभार : X@DIPR_UK)
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में एक बार फिर आपातकालीन स्थिति में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए मद्महेश्वर क्षेत्र में गंभीर रूप से बीमार यात्री का एयर रेस्क्यू किया गया है। जिला प्रशासन ने वक्त रहते एयर रेस्क्यू अभियान के माध्यम से मरीज को सुरक्षित जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया। जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, मद्महेश्वर मंदिर में शिवा पुत्र कुलदीप सिंह, आयु लगभग 30 वर्ष को दो बार हार्ट अटैक आया था, जिसके कारण उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी। उसे तत्काल उच्चस्तरीय चिकित्सकीय उपचार की आवश्यकता थी। चिकित्सकीय दृष्टि से प्रत्येक मिनट अत्यंत महत्वपूर्ण था और किसी भी प्रकार की देरी जानलेवा साबित हो सकती थी।
जीवन रक्षा सर्वोपरि! 🚁✨ रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन की सजगता से मद्महेश्वर में एक गंभीर रूप से बीमार यात्री का सफल एयर रेस्क्यू किया गया। #Madmaheshwar pic.twitter.com/XzQHkSXrR9
— Rudraprayag Police Uttarakhand (@RudraprayagPol) May 31, 2026
चिकित्सकीय आपातकाल की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए उक्त यात्री का मद्महेश्वर से एयर एंबुलेंस के माध्यम से शाम लगभग 6 बजे रेस्क्यू किया गया। यात्री को उपचार हेतु जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उसका उपचार प्रारंभ कर दिया। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने जिला प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
गौरतलब है, कि चारधाम यात्रा और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। हाल के वर्षों में रुद्रप्रयाग प्रशासन द्वारा कई सफल हेली रेस्क्यू अभियानों को अंजाम दिया गया है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा, कि जनपद में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और यात्री की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन तंत्र और अन्य सहयोगी एजेंसियां चौबीसों घंटे सतर्क एवं सक्रिय है।
