
देहरादून में सीमेंट के ट्रेलर में घुसी तेज रफ्तार कार, (फोटो साभार: X@DDnews_dehradun)
देहरादून के क्लेमेंटाउन क्षेत्र में रविवार तड़के सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि आशारोड़ी के पास तेज रफ्तार मारुति रिट्ज कार एक सीमेंट से लदे ट्राले के पीछे जा घुसी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को तत्काल हॉस्पिटल भेजा, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब साढ़े तीन बजे घटित हुई है। सफेद रंग की मारुति रिट्ज कार सहारनपुर की ओर से देहरादून आ रही थी। इस दौरान कार आशारोड़ी चेकपोस्ट पास आगे चल रहे सीमेंट से भरे ट्रेलर में जा घुसी। बताया जा रहा है, कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी, कि कार के परखच्चे उड़ गए।
सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने कार को कटर से काटकर फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायल व्यक्ति को हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
राजधानी देहरादून के आशारोड़ी क्षेत्र में आज तड़के हुई भीषण दुर्घटना में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।#Accidentindehradun pic.twitter.com/1VAxu7O5FV
— DD NEWS UTTARAKHAND (@DDnews_dehradun) June 22, 2025
पुलिस के अनुसार, घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से दून कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल युवक का इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान अंकुश, पारस निवासी पुरखास धीरन, सोनीपत हरियाणा अंकित, तहसील जुलाना, जींद हरियाणा और नवीन, रोहतक हरियाणा के रूप में हुई है।
थाना क्लेमेंटाउन प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया है, कि मृतक और घायल के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पुलिस ने ट्राला को कब्जे में ले लिया है और चालक आफताब, निवासी शेखपुरा सहारनपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।