(सांकेतिक चित्र)
देहरादून समेत अन्य मैदानी जिलों में शीत लहर और कोहरे के प्रकोप के बीच दिन में अचानक पारा चढ़ने लगा है। दून समेत आस-पास के क्षेत्रों में सुबह के वक्त न्यूनतम तापमान 8-9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का असर उच्च हिमालयी क्षेत्रों में दिखना शुरु हो गया है।
उत्तराखंड में जारी शुष्क मौसम के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी भविष्यवाणी की है। बारिश और बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे आमजन को सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, उत्तराखड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। जिससे प्रदेश में लंबे समय से बनी सूखी ठंड के अब खत्म होने के आसार है।
दिनांक 22.01.2026 को जारी उत्तराखंड राज्य हेतु मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी pic.twitter.com/2ZV6u2o1Hq
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) January 22, 2026
दरअसल, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 22 से 27 जनवरी तक उत्तराखंड के ज्यादा हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो सकता है। अगले कुछ दिनों में बादल छाए रहेंगे और कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
गौरतलब है, कि मौसम विभाग की यह भविष्यवाणी लंबे वक्त से बारिश और बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्वतीय क्षेत्रों के किसानों के लिए राहत भरी खबर भरी है, क्योंकि यह वर्षा रबी की फसलों और पर्यावरण की नमी के लिए अत्यंत आवश्यक है। वहीं पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को सलाह दी गई है, कि वे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा करते समय सावधानी बरतें।
