dehradun clock tower
पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के अंतर्गत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शहरों और वार्डों स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 के तहत रैंकिंग जारी की है। इसमें देहरादून की रैंकिंग में सात पायदान का सुधार हुआ और रैंकिंग 12वीं आई है। जबकि काशीपुर और ऋषिकेश रैंकिंग में गिरावट आई है।
जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा जारी स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 के परिणामों में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून ने वायु गुणवत्ता सुधार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए 3 से 10 लाख की जनसंख्या वाले शहरों की श्रेणी में देश-भर में 12वां स्थान प्राप्त किया है।
देहरादून की यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में शहर ने वायु गुणवत्ता सुधार के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है और तीन वर्षों की समग्र यात्रा में 37वें स्थान से 12वें स्थान तक की उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। वर्ष 2024 में देहरादून इस श्रेणी में 41वें स्थान पर था।
जबकि वर्ष 2025 में इसमें उल्लेखनीय सुधार करते हुए शहर 19वें स्थान पर पहुंचा और अब वर्ष 2026 में देहरादून ने 12वां स्थान हासिल किया है। जबकि काशीपुर और ऋषिकेश रैंकिंग में गिरावट आई है। इन शहरों की रैंकिंग क्रमश: 21वीं और 16वीं आई है। ऋषिकेश की रैंकिंग पिछले वर्ष यह 14वीं थी। जबकि काशीपुर की रैंकिंग पहले 18वीं थी।
देहरादून की रैंकिंग में तीसरे वर्ष लगातार सुधार केवल रैंकिंग में बदलाव नहीं, बल्कि शहर में वायु प्रदूषण की रोकथाम, धूल नियंत्रण, वाहनों से होने वाले उत्सर्जन पर निगरानी, स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने, सड़क सफाई, जनजागरूकता और पर्यावरणीय निगरानी के लिए किए जा रहे बहुआयामी प्रयासों की सफलता का प्रमाण है।
इस उपलब्धि पर सीएम धामी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपने संदेश में लिखा, “केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में देहरादून का 37वें स्थान से बड़ी छलांग लगाकर 12वें स्थान पर पहुंचना पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। इस उपलब्धि के लिए समस्त देहरादूनवासियों एवं संबंधित विभागों को हार्दिक बधाई।
Uttarakhand Chief Minister Pushkar Singh Dhami said that Dehradun’s remarkable improvement in the Central Pollution Control Board’s Swachh Vayu Survey-2026, rising from 37th to 12th position, is a matter of pride for the entire state of Uttarakhand. He extended his heartfelt…
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) September 8, 2026
उन्होंने कहा, कि यह उपलब्धि नगरवासियों की जागरूकता, नगर निगम के समर्पित प्रयासों और उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की सतत निगरानी का सुखद परिणाम है। हमारी सरकार विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाते हुए स्वच्छ, स्वस्थ और हरित उत्तराखंड के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उत्तराखंड सरकार की प्राथमिकता केवल प्रदूषण के स्तर को कम करना ही नहीं, बल्कि ऐसा स्थायी और प्रभावी तंत्र विकसित करना है, जिसके माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को भी स्वच्छ, स्वस्थ और बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सके। देहरादून की रैंकिंग में हुआ यह सुधार इसी दीर्घकालिक सोच और निरंतर निगरानी के परिणामस्वरूप सामने आया है।