
राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने किये भगवान आदि कैलाश के दर्शन, (फोटो साभार: X/@ians_india)
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा दो दिवसीय दौरे पर रविवार (18 मई 2025 ) को उत्तराखंड पहुंचे। पिथौरागढ़ जनपद भ्रमण पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने दोपहर को दिव्य आदि कैलाश एवं पार्वती कुंड के निकट विराजमान भगवान शिव के मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर जेपी नड्डा ने देवभूमि की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक महत्व की प्रशंसा करते हुए इसे अद्वितीय बताया। उन्होंने कहा, कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश के पवित्र क्षेत्र के भ्रमण के पश्चात इस क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की आवाजाही में वृद्धि हुई है। इस बढ़ी हुई गतिविधि ने स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार के नए अवसर उत्पन्न किए हैं। जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को महत्वपूर्ण बढ़ावा मिला है।
आज पिथौरागढ़, उत्तराखंड में हिमालय की गोद में स्थित अध्यात्म और संस्कृति की पवित्र स्थली आदि-कैलाश के पावन दर्शन कर धन्य हुआ।
इस दौरान राष्ट्र की रक्षा में प्रतिपल कर्तव्यनिष्ठ हमारे वीर जवानों से भेंट कर उनके साहस, शौर्य व उत्साह के साक्षी बनने का भी सौभाग्य प्राप्त हुआ।अलौकिक… pic.twitter.com/gvRnnLhvBR
— Jagat Prakash Nadda (@JPNadda) May 18, 2025
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा ने न केवल आदि कैलाश की आध्यात्मिक महत्ता को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उजागर किया है, बल्कि इसने साहसिक और आध्यात्मिक पर्यटन के एक महत्वपूर्ण गंतव्य के रूप में इस क्षेत्र की पहचान को भी मजबूत किया है। इसके परिणामस्वरूप पिछले कुछ वर्षों में आदि कैलाश और इसके आसपास के क्षेत्रों में आने वाले पर्यटकों और भक्तों की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है।
वहीं इससे पहले जेपी नड्डा रविवार सुबह देहरादून स्थित जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री धामी समेत भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर सीएम धामी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को उत्तराखंड की सांस्कृतिक और पारंपरिक विविधताओं को दर्शाने वाली ‘हाउस ऑफ हिमालयाज़’ नामक स्थानीय उत्पादों का एक विशेष संग्रह भी भेंट किया।
मातृशक्ति के अथक परिश्रम, देवभूमि के शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्थानीय उत्पादों का संग्रह है ‘हाउस ऑफ़ हिमालयाज़’..
माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आदरणीय श्री @JPNadda जी को हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद भेंट कर उन्हें हमारी मातृशक्ति और स्थानीय… pic.twitter.com/6Autdr0KQG
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) May 18, 2025
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के उत्तराखंड दौरे के विषय में जानकारी देते हुए बताया, कि जेपी नड्डा पिथौरागढ़ के गुंजी गांव जाएंगे। जहां वह गुंजी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करेंगे। साथ ही ज्योलिंगकोंग से आदि कैलाश के दर्शन और महिला फेडरेशन द्वारा गुंजी में संचालित होम स्टे का भ्रमण करेंगे। वाइब्रेंट विलेज गुंजी में ही रात्रि प्रवास करने के बाद दूसरे दिन वे वाया देहरादून दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, कि उनका गुंजी और आदि कैलाश का यह दौरा सीमांत क्षेत्रों के विकास को नई गति देने का काम करेगा। उनका विकास योजनाओं की समीक्षा करना इन प्रोजेक्टों की गति को तीव्र और प्रभावी बनाएगा। वहां के महिला स्वयं सहायता संस्थाओं द्वारा संचालित कार्यस्थलों में स्वास्थ्य मंत्री का भ्रमण, मातृ शक्ति का हौसला बढ़ाने वाला होगा।