
प्रदेश में जल्द बदलेगा मौसम का मिजाज
मॉनसून के सीजन में उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों से लेकर मैदानी इलाको में जोरदार बारिश देखने को मिल रही है। बीते बुधवार और बृहस्पतिवार की रात हुई भारी बारिश ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर रखा है। राज्य में कई स्थानों पर लैंडस्लाइड के कारण सड़कें बंद पड़ी है। रुद्रप्रयाग और चमोली जिले में कई जगह लैंडस्लाइड होने कारण केदारनाथ और बदरीनाथ यात्रा बाधित हुई है।
मौसम विभाग ने 10 जुलाई के लिए राज्य के देहरादून, रुद्रप्रयाग, टिहरी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जनपदों के अधिकांश स्थानों व शेष जनपदों के कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं भारी बारिश को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने गुरुवार को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश की घोषणा की है।
Weather forecast and Warning for Uttarakhand issued on 10.07.2025 pic.twitter.com/65sng1M5da
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) July 10, 2025
मौसम विज्ञान केंद्र ने 11 जुलाई को देहरादून, रुद्रप्रयाग, टिहरी, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ व बागेश्वर जनपदों के अनेक स्थानों में एवं शेष जनपदों के कुछ स्थानों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना व्यक्त की है। वहीं 14 जुलाई तक प्रदेश भर में तेज बारिश की संभावना जताई है। बता दें, कि प्रदेश के कई जिलों में बीते बुधवार देर शाम से तेज बारिश का सिलसिला लगातार जारी है।
रुद्रप्रयाग जिले में रुद्रप्रयाग और श्रीनगर के बीच लैंडस्लाइड हुआ है। सिरोबगड़ के नजदीक पहाड़ से ढेर सारा मलबा ऋषिकेश बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर गिर गया है। इस कारण इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद पड़ी है। प्रशासन ने मलबा हटाने और सामान्य यातायात बहाल करने के लिए भारी मशीनरी तैनात की है। सड़क को फिर से खोलने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास लगातार जारी है।
🛑 सिरोबगड़ मां बाटु बन्द चा।
🛑 सिरोबगड़ के पास फिलहाल मार्ग बाधित चल रहा है। pic.twitter.com/yAVdTtRChs— Rudraprayag Police Uttarakhand (@RudraprayagPol) July 10, 2025
राज्य में भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है और कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिल रही है। बारिश के कारण प्रदेश की अधिकांश नदियां और बरसाती नाले उफान पर हैं, जिससे आसपास के गांवों और नगर में खतरे की स्थिति बनी हुई है। जिला प्रशासन लोगों को सतर्क रहने और नदियों के किनारे न जाने की लगातार सलाह दे रहा है।