प्रतीकात्मक चित्र
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय जिलों के अधिकांश इलाकों में बादल आंख-मिचौनी खेल रहे हैं और कहीं-कहीं हल्की बौछारों का दौर जारी है। जिससे पहाड़ों में मौसम सुहावना हो गया है, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप खिलने के साथ ही कहीं-कहीं पारे में भी वृद्धि दर्ज की जा रही है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, उत्तराखंड के टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी, देहरादून, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिले के कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश गरज व चमक के साथ हो सकती है। जबकि इन पर्वतीय जिलों में 3300 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है।
इसके अलावा उत्तराखंड के शेष जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश गरजना के साथ हो सकती है। वहीं राज्य के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, झोंकेदार हवाएं (40-50 किलो प्रति घंटे तक) चलने की संभावना है। जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
दिनांक 29.03.2026 को उत्तराखंड राज्य के लिए जारी मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी | pic.twitter.com/Fi5PrugVvc
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) March 29, 2026
मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी देहरादून में रविवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बहुत हल्की से हल्की बारिश होने, गरज के साथ बिजली चमकने / तेज हवा (30–40 किमी/घंटे) चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31°C के लगभग रहने की संभावना है।
बता दें, कि पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य रहा, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम बना हुआ है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है, कि उत्तराखंड के अनेक स्थानों में आगामी 2-3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई अहम बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
प्रशासन ने मौसम की चेतावनी को देखते हुए नागरिकों से पर्वतीय इलाकों में अनावश्यक यात्रा करने से बचने की अपील की है। खराब मौसम के अलर्ट को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने को कहा है। बता दें, कि उत्तराखंड में बारिश के दौरान खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लैंडस्लाइड और सड़क बाधित होने का खतरा बना रहता है, जो अक्सर हादसों को भी आमंत्रित करते है।
