उत्तराखंड की हिमक्रीड़ा स्थली औली में प्रस्तावित नेशनल विंटर गेम्स की तारीखों का ऐलान हो गया है। पर्यटन विभाग, गढ़वाल मंडल विकास निगम और उत्तराखंड विंटर गेम्स एसोसिएशन की संयुक्त बैठक में 12 से 16 फरवरी तक औली में होने जा रहे विंटर कार्निवल में ही नेशनल विंटर गेम्स 2026 के आयोजन का फैसला लिया गया।
इस संबंध में गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विशाल मिश्रा ने बताया, कि उत्तराखंड के प्रसिद्ध विंटर डेस्टिनेशन औली में विंटर कार्निवाल के साथ ही नेशनल विंटर गेम्स का भव्य आयोजन 12 फरवरी से 16 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। उन्होने जानकारी दी, कि मौसम और तापमान के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है। इसमें परिस्थितियों के मद्देनजर परिवर्तन भी संभव है।
प्रबंध निदेशक ने बताया, विंटर गेम्स के लिए स्पोर्ट्स टीमों को निमंत्रण भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जीएमवीएन भी लॉजिस्टिक के काम तेजी से पूरे कर रहा है। इसके अलावा औली में बर्फ को बनाये रखने के संसाधनों का प्रयोग किये जाने की सारी प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में स्नो बीटर मशीन हो या स्नो मेकिंग मशीन सभी को इस्तेमाल में लाया जा रहा है।
उन्होंने बताया, औली GMVN गेस्ट हाउस में पूरा ईवेंट संचालित होना है। यहां माइनर अपग्रेडेशन का कार्य चल रहा है। इसके साथ ही चीयर लिफ्ट, एकोमोडेशन की व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है। नेशनल विंटर गेम्स में 17 से 20 टीमों की आने की संभावना है। इसके तहत अभी तक 250 से अधिक लोगों के लिए व्यवस्था पूरी की जा चुकी है।
प्रबंध निदेशक ने बताया, कि उनके साथ UTDB, जिला प्रशासन और विंटर गेम्स एसोसिएशन सभी कंधे से कंधा मिला कर काम करे रहें है। उन्हें उम्मीद है, कि सभी लोग मिल कर औली में एक भव्य और सफलतम विंटर गेम्स का आयोजन करेंगे। विंटर गेम्स के इवेंट में हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, ओडिशा, महाराष्ट्र, सहित आईटीबीपी, आर्मी की टीमें भी हिस्सा लेगी।
औली विंटर गेम्स के संबंध में उत्तराखंड विंटर गेम्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्ष मणि व्यास ने बताया, यह बड़ी खुशी की बात है कि अब उत्तराखंड में प्रस्तावित औली नेशनल विंटर गेम्स की तारीखों का ऐलान हो गया है। उन्होंने बताया, इस बार औली में अच्छी बर्फबारी हुई है। जिसे देखते हुए देश भर के खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिल रहा है।

