STF की बड़ी कार्रवाई, पाक ISI एजेंट का हैंडलर दून से गिरफ्तार, (फोटो साभार : जागरण)
पीएम मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे से ठीक पहले दून में आतंकी गतिविधियों से जुड़ा बड़ा मामला सामने आने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। आरोपी के तार आतंकी संगठन ‘अल बर्क ब्रिगेड’ के शहजाद भट्टी से जुड़े है। आरोपी देहरादून स्थित प्रतिष्ठित सरकारी और सैन्य संस्थानों की लोकेशन और फुटेज भी पाकिस्तान भेज रहा था।
STF आईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया, कि एसटीएफ ने ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत प्रेमनगर क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तान में बैठे आकाओं को दून के सैन्य और सरकारी प्रतिष्ठानों की लोकेशन व वीडियो भेज रहा था। वह पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन अल बद्र ब्रिगेड से जुड़े आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में था।
STF एसएसपी अजय सिंह ने मीडियाकर्मियों को बताया, कि अपराधियों और असमाजिक तत्वों समेत राष्ट्रविरोधी तत्वों के संबंध में इनपुट जुटाकर संदिग्धों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। जिसके तहत पाकिस्तान से संचालित आतंकी संगठनों द्वारा भारतीय युवकों को इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिये स्लीपर सेल के रूप में अवैध गतिविधियां करवाने से जुड़े इनपुट मिले थे।
इसके बाद STF ने मुखबिर और टेक्निकल सर्विलांस के जरिए जानकारियां जुटाई। जांच में पता चला, कि विक्रांत नाम का एक युवक जो झाझरा क्षेत्र, प्रेमनगर (देहरादून) का रहने वाला है। जो वर्तमान में पाकिस्तानी आतंकी और आईएसआई एजेंट शहजाद भट्टी और उसके साथी राणा के संपर्क में है और जो सोशल मीडिया के माध्यम से दिशा निर्देश ले रहा है।
इसके बाद STF ने दबिश देकर विक्रांत को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, एक स्प्रे पेंट कैन और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया, कि वो पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का फैन था, उसकी हत्या से वो नाराज था और उसकी हत्या करने वालों से बदला लेना चाहता था।
इसी बीच इंस्टाग्राम पर पाकिस्तानी शहजाद भट्टी ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या करने वालों से बदला लेने के संबंध में रील डाली थी, जिससे वो प्रभावित हो गया। पुलिस की जांच में सामने आया, कि आरोपित इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और वाट्सएप के जरिये आतंकी शहजाद भट्टी के साथ लगातार संपर्क में था और उनके निर्देश पर शहर के संवेदनशील स्थानों की रेकी कर रहा था।
उसने आईएसबीटी, पुलिस मुख्यालय समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी भवनों की वीडियो फुटेज और लोकेशन पाकिस्तान भेजी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि उसे “तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान” के नाम से शहर की दीवारों पर स्प्रे पेंट कर दहशत फैलाने के निर्देश दिए गए थे। आरोपित ने कई स्थानों पर पेंटिंग कर उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी अपने हैंडलर्स को भेजी।
आरोपित के मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर आगे की जांच की जा रही है। साथ ही आरोपित के खिलाफ प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ आईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया, गिरफ्तार आरोपी विक्रांत वर्ष 2024 और 2025 में पंजाब के नाभा में भी रहा। जहां उसने ट्रक की बॉडी बनाने का काम किया। वो देश विरोधी गतिविधियों में शामिल था। अब पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के इशारे पर काम करता मिला है। उसके पास से बरामद मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
वहीं इस मामले पर एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने कहा, कि राज्य में सक्रिय असामाजिक और राष्ट्रविरोधी तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना प्रेमनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उससे गहनता से पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई से एक बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया है।
