(सांकेतिक चित्र)
उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम शुष्क बना हुआ है। साथ ही पाले और कोहरे का प्रकोप भी जारी है। हालांकि, दिन में चटख धूप खिलने से कुछ राहत है। फिलहाल प्रदेश में अगले कुछ दिन मौसम का मिजाज इसी प्रकार का बने रहने का अनुमान है। इसके अलावा वर्षा के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून में घने कोहरे की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। घने कोहरे के चलते दृश्यता घटेगी और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। वहीं शीतलहर के कारण पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा सकता है।
दिनांक 10.01.2026 को जारी उत्तराखंड राज्य हेतु मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी | pic.twitter.com/Q7j3xD1TOt
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) January 10, 2026
उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी की बेरुखी का सीधा असर तापमान पर पड़ने लगा है। बारिश-बर्फबारी न होने से प्रदेशभर में सूखी ठंड परेशान कर रही है। पर्वतीय इलाकों में शीतलहर और पाला तो मैदानी इलाकों में कोहरे ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम वैज्ञनिकों के मुताबिक, 14 जनवरी तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
बता दें, कि शनिवार को देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर और उसके आसपास सुबह कोहरा छाया रहा। हालांकि, दिन में धूप निकलने से ठंड से राहत मिल गई। वहीं, रात के समय में देहरादून में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया। जबकि रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा।
