अल्मोड़ा जिले में बड़ा सड़क हादसा, (फोटो साभार : X@airnews_ddn)
अल्मोड़ा जिले में भिकियासैंण-विनायक रोड पर द्वाराहाट से रामनगर की तरफ जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो महिलाओं समेत 12 यात्री घायल हो गए। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा के भिकियासैंण इलाके के शिलापनी में एक बस खाई में गिरने से सात लोगों की मौत हो गई। जबकि बस में सवार अन्य 12 यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन व राहत-बचाव दल मौके पहुंचा और घायलों को निकालकर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क हादसे को लेकर दुःख जताते हुए एक्स पर पोस्ट करते हुए शोक संदेश में लिखा, “जनपद अल्मोड़ा में भिकियासैंण से रामनगर जा रही बस के भिकियासैंण–विनायक मोटर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है, जिसमें यात्रियों के हताहत होने की सूचना है। यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है।”
जनपद अल्मोड़ा में भिकियासैंण से रामनगर जा रही बस के भिकियासैंण–विनायक मोटर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है, जिसमें यात्रियों के हताहत होने की सूचना है। यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को…
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) December 30, 2025
उन्होंने कहा, “ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। हादसे में घायल यात्रियों को जिला प्रशासन द्वारा त्वरित रूप से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार हेतु उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “इस पूरे प्रकरण की सतत निगरानी की जा रही है और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हूं। ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।”
वहीं दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, बस में कुल 19 यात्री सवार थे। बस सोमवार को सुबह 11 बजे रामनगर से द्वाराहाट नोबाड़ा के लिए चली थी। जबकि आज मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे बस द्वाराहाट नोबाड़ा से रामनगर के लिए रवाना हुई थी।
अल्मोड़ा जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में 4 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल है। सड़क दुर्घटना की वजह का पता किया जा रहा है। अंदेशा है, कि बस ड्राइवर का नियंत्रण खो जाने की वजह से यह हादसा हुआ।
