सांकेतिक चित्र (फोटो साभार: NDTV)
चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामसभा तिमली के तोक ग्राम भतकोट में गुलदार ने चार साल की मासूम को मार डाला। घर से दो किमी दूर बच्ची का क्षत विक्षप्त शव मिला। सूचना पर शुक्रवार सुबह उपजिलाधिकारी चौबट्टाखाल रेखा आर्य और डीएफओ महातिम यादव मौके पर पहुंचे। घर के पास ही पोस्टमार्टम कर बालिका का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ग्राम प्रधान गडरी (कोला गाड़) रश्मि देवी ने बताया, कि उनकी ग्रामसभा के भतकोट गांव निवासी हरेंद्र सिंह की चार वर्षीय बेटी दृष्टि शाम आठ बजे के घर की चौखट के पास बैठकर खाना खा रही थी। बच्ची के बगल में ही उसकी 10 वर्षीय बड़ी बहन और दादी भी खाना खा रहे थे। इस दौरान घात लगाए गुलदार ने दृष्टि को घर की चौखट से जबड़े में जकड़ कर आंगन से नीचे खेतों की ओर ले गया।
स्वजनों का शोर सुन अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और दृष्टि की तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयासों के बाद घर से कुछ दूर झाड़ियों में दृष्टि का शव बरामद हो गया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेन्द्र सिंह रावत ने बताया, कि घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। उन्होंने वन विभाग पर क्षेत्र के प्रति निष्क्रियता का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, कि इस विधानसभा क्षेत्र में आए दिन गुलदार के हमलों की घटना हो रही है, लेकिन विभाग की तरफ से आमजन को गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए कोई प्रयास नहीं किया गया। वहीं ग्रामीणों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए वनकर्मियों और पुलिस के सामने जमकर हंगामा काटा।
