धामी मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार
उत्तराखंड में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार धामी मंत्रिमंडल के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। आज धामी मंत्रिमंडल में 5 नए मंत्रियों को शामिल किया गया है। ऐसे में अब धामी मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने विधायक मदन कौशिक, भरत चौधरी, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा और खजान दास को मंत्री पद की शपथ दिलाई।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आज नवरात्र के दूसरे दिन शुक्रवार (20 मार्च 2026) को लोकभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने सबसे पहले राजपुर विधायक खजान दास को शपथ दिलाई। इसके बाद भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत में शपथ ली। फिर विधायक मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह केड़ा ने भी मंत्रिपद की शपथ ली।
गौरतलब है, कि उत्तराखंड राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले धामी मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। दरअसल, वर्ष 2022 में सरकार के गठन के बाद से ही मंत्रिमंडल के कई पद खाली चल रहे थे। उसके बाद 26 अप्रैल 2023 को कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास का निधन हो गया, जिसके कारण खाली पदों की संख्या चार हो गई थी।
वहीं साल 2025 में विवादित बयान देने पर कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद्र अग्रवाल को पद छोड़ना पड़ा था। तब से धामी कैबिनेट में खाली पदों की संख्या पांच हो गई थी। इस विस्तार के साथ ही धामी मंत्रिमंडल में लंबे समय से खाली चल रहे सभी पांच पद भर गए है। राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ कैबिनेट विस्तार पर कई दौर की वार्ता के बाद इसके लिए नवरात्र का शुभ मुहूर्त चुना गया।
धामी मंत्रिमंडल में बने पांच कैबिनेट मंत्री :-
- देहरादून की राजपुर रोड से विधायक खजान दास
- हरिद्वार विधानसभा से सीट से विधायक मदन कौशिक
- भीमताल से विधायक राम सिंह कैड़ा
- रुद्रप्रयाग से विधायक भरत चौधरी
- रुड़की से विधायक प्रदीप बत्रा
