मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, (फाइल चित्र)
देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग और रिटायर्ड ब्रिगेडियर की हत्या मामले पर मुख्यमंत्री ने सख्त संज्ञान लिया है। घटना पर सीएम धामी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह और प्रभारी कुठालगेट चौकी उपनिरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं, कि राज्य में किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। सीएम धामी के निर्देश पर सोबन सिंह उप आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 मसूरी, जनपद-देहरादून और प्रभारी कुठालगेट चौकी उपनिरीक्षक ना.पु अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
माननीय मुख्यमंत्री श्री @pushkardhami जी के निर्देशों के अनुपालन में देहरादून शहर में हाल ही में हुई कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उप आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 मसूरी और प्रभारी कुठालगेट चौकी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
माननीय मुख्यमंत्री…
— Office Of Pushkar Singh Dhami (@OfficeofDhami) March 31, 2026
सीएम धामी ने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया, कि प्रदेशभर में तत्काल प्रभाव से व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जाए और सभी अवांछित एवं हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा, कि रोड रेज, फायरिंग और देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने दो टूक कहा, कि सरकार की प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को पूरी सख्ती और मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए है। सीएम धामी ने सख्त लहजे में कहा, कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
उधर उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार 31 मार्च को सचिवालय में शहर में लॉ एंड ऑर्डर को लेकर गृह और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्य सचिव ने रोडरेज और हुड़दंग की घटनाओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए ऐसी घटनाओं रोकने के लिए निगरानी बढ़ाए जाने और हुड़दंगियों पर कठोर कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने एसएसपी देहरादून को पीक ऑवर में गश्त बढ़ाए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा, कि डे-नाइट पेट्रोलिंग के साथ ही मॉर्निंग पेट्रोलिंग को भी बढ़ाया जाए। बार और रेस्टोरेंट क्लोजिंग के लिए निर्धारित समय को कठोरता से लागू किया जाए। उन्होंने कहा, कि सप्ताहांत में शहर को पार्टी और हुड़दंगियों को अड्डा न बनने दिया जाए, इसके लिए कठोर कार्रवाई की जाए।
मुख्य सचिव ने बार संचालन के नियमों का पालन न करने वाले बार और अवैध बार संचालकों पर भी कठोर कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, कि अपनी ड्यूटी को मुस्तैदी से न करने वाले लापरवाह अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाए। साथ ही शहर के आसपास के क्षेत्रों में खुले होम स्टे पर भी निगरानी किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, कि इसके लिए होम स्टे की मैपिंग की जाए एवं निगरानी रखी जाए, कि ये होम स्टे जो टूरिज्म प्रमोशन के लिए बने थे, कहीं लगातार बार लाइसेंस लेकर इसका दुरुपयोग तो नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा किरायेदारों और पीजी में रहने वालों का भी सघन सत्यापन अभियान चलाया जाए।
गौरतलब है, कि बीते सोमवार 30 मार्च की सुबह राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में नाइट क्लब में बिल को लेकर हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और झगड़े में तब्दील हो गया और दोनों पक्षों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। आरोप है, कि बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो पर सवार बदमाशों ने बार संचालक और स्टाफ की फॉर्च्यूनर कार पर फायरिंग कर दी थी।
इस दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले 70 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी फायरिंग की चपेट में आ गए और उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने घटना में शामिल एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि 4 आरोपी अभी भी फरार हैं। घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है और पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल उठा रहे है।
