CM धामी ने नंदा गौरा योजना का पैसा जारी किया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार (26 फरवरी 2026) को नंदा गौरा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रदेश की 33,251 बालिकाओं के खाते में DBT के माध्यम से ₹1 अरब 45 करोड़ 93 लाख की धनराशि हस्तांतरित की।
इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा, कि प्रदेश सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है।
कैंप कार्यालय में नंदा गौरा योजना के अंतर्गत 33251 लाभार्थी बालिकाओं के खाते में ₹145.93 करोड़ की धनराशि DBT के माध्यम से हस्तांतरित की।
हमारी सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि प्रदेश की प्रत्येक बेटी शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बने। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना केवल सामाजिक… pic.twitter.com/6F17vMz564
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) February 26, 2026
देहरादून स्थित शासकीय आवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “जन्म के समय बेटा- बेटी के बीच होने वाले भेदभाव को समाप्त करते हुए, कन्या जन्म को प्रोत्साहन देने के लिए प्रदेश सरकार नंदा गौरा योजना संचालित कर रही है। इसके तहत राज्य सरकार द्वारा बालिका के जन्म पर ₹11 हजार और बेटी के 12वीं पास करने पर उच्च शिक्षा के लिए ₹51 हजार की धनराशि प्रदान की जा रही है।
सीएम धामी ने बताया, कि योजना के तहत अब तक 3,77,784 बालिकाओं को कुल ₹11 अरब 68 करोड़ 49 लाख की धनराशि जारी की जा चुकी है। उन्होंने कहा, कि प्रदेश सरकार बेटियों की उच्च शिक्षा को प्रोत्साहन दे रही है, साथ ही शिक्षित होने के बाद रोजगार के लिए भी बेटियों को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, कि अब सरकारी सेवाओं में उत्तराखंड की महिलाओं की स्थिति मजबूत हुई है, इससे सरकारी कार्यालयों की कार्य संस्कृति ज्यादा बेहतर हुई है। उन्होने कहा, कि सरकार लखपति दीदी योजना के जरिए भी प्रदेश की आम महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का प्रयास कर रही है।
सीएम धामी ने कहा, कि नंदा गौरा योजना कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने, संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहन देने, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देते हुए, समाज में लैंगिक असमानता को दूर करने के लक्ष्य प्राप्त करने में सफल रही है। इस अवसर पर विभागीय मंत्री रेखा आर्य ने कहा, कि, इस वर्ष लाभांवित होने वाली बालिकाओं में 5,913 नवजात हैं, जबकि शेष 27,338 को 12वीं पास करने पर यह धनराशि मिली है।

