(सांकेतिक चित्र)
उत्तराखंड में नए साल से पहले बारिश-बर्फबारी के आसार बन रहे है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 30-31 दिसंबर के साथ एक-दो जनवरी को पर्वतीय इलाकों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है, कि कोहरा छाने से पर्वतीय इलाकों के साथ मैदानी क्षेत्रों में भी सूखी ठंड परेशान करेगी।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 30-31 दिसंबर से दो जनवरी तक उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जिले के कुछ हिस्सों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। वहीं देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और नैनीताल जिले के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रह सकता है।
दिनांक 29.12.2025 को जारी उत्तराखंड राज्य हेतु मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी | pic.twitter.com/bwWTL8rW8z
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) December 29, 2025
प्रदेश के 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी की संभावना है। इसका सीधा असर प्रदेशभर के तापमान पर देखने को मिलेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान समय में सब ट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम हवाएं उत्तर भारत के राज्यों में चल रही है। साथ ही एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में पश्चिमी हवाओं के बीच में बना हुआ है।
मौसम विभाग ने पूरे उत्तर भारत में घने कोहरे, शीत दिवस और शीतलहर की चेतावनी जारी की है। 30 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी इलाकों में सक्रिय होने के कारण उत्तराखंड समेत पूरे उत्तर भारत में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं ठंडी हवाओं के कारण तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है।
