काशीपुर में उग्र भीड़ ने डंपर में लगाई आग, (फोटो साभार : X@AsianNewsUP_UK)
जनपद उधम सिंह नगर के काशीपुर में एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार व्यक्ति की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने खनन सामग्री से लदे ट्रक को आग के हवाले कर दिया। मौके पर हालात इतने बिगड़ गए, कि घटनास्थल पर भारी पुलिस फोर्स को तैनात करना पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, काशीपुर के कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र के ढकिया नंबर एक गांव निवासी 60 वर्षीय जयपाल सिंह सोमवार सुबह करीब 8:30 अपने घर से बाइक पर सवार होकर किसी काम से निकला था। इसी बीच कुछ ही दूरी पर पीछे से आ रहे खनन सामग्री से लदे एक ट्रक ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था, कि जयपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। मृतक की पहचान होते ही इलाके में शोक के साथ-साथ गुस्से का माहौल बन गया। गुस्साए लोगों ने हादसे के लिए ट्रक चालक को जिम्मेदार ठहराते हुए देखते ही देखते ट्रक को आग के हवाले कर दिया। जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कुंडेश्वरी चौकी पुलिस समेत काशीपुर कोतवाली से भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया और आग पर काबू करने के लिए दमकल विभाग को भी बुलाया। बताया जा रहा है, कि मृतक जयपाल सिंह दूध का कारोबार करता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और ट्रक चालक की तलाश कर रही है।

