CM धामी ने 'शारदा कॉरिडोर परियोजना' के प्रथम चरण का शुभारंभ किया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार (24 अक्टूबर 2025) को शारदा घाट, टनकपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए ₹185.20 करोड़ की लागत से बनने वाले ‘शारदा कॉरिडोर परियोजना’ के प्रथम चरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा, कि शारदा कॉरिडोर परियोजना हमारी आस्था, सांस्कृतिक, धरोहर और सतत विकास का केंद्र है।
चंपावत जिले के टनकपुर में शारदा कॉरिडोर परियोजना के प्रथम चरण के कार्य का शुभारंभ करने के साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने परियोजना कार्यों का स्थलीय भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर सीएम धामी ने ₹20.50 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ ही शारदा घाट में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
चंपावत में कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय से संबद्ध एक केंद्र स्थापित किया जाएगा। आपदा प्रभावित क्षेत्र छीनीगोठ में बाढ़ सुरक्षा कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाएगा। शारदा कॉरिडोर परियोजना के पूरा होने से धार्मिक पर्यटन को नई दिशा… pic.twitter.com/wlQrtKg1dU
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) October 24, 2025
शिलान्यास कार्यक्रम के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “चंपावत में कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय से संबद्ध एक केंद्र स्थापित किया जाएगा। आपदा प्रभावित क्षेत्र छीनीगोठ में बाढ़ सुरक्षा कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाएगा।”
उन्होंने कहा, कि शारदा कॉरिडोर परियोजना के पूरा होने से धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर भी सृजित होंगे। इसी तरह हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा कॉरिडोर तथा हरिपुर कालसी में यमुना तट पर घाट निर्माण कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा, “शारदा कॉरिडोर का उद्देश्य बनबसा से माता रंकोची तक की घाटी को धर्म, प्रकृति और रोजगार के सुंदर संगम के रूप में विकसित करना है। यह भूमि अब केवल आस्था का केंद्र नहीं रहेगी, बल्कि यहाँ के लोगों के जीवन में आर्थिक समृद्धि और अवसरों की नई धारा भी प्रवाहित होगी।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया, कि शारदा नदी के तट को पर्यावरण संवेदनशील, स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक स्वरूप देने के लिए शारदा घाट पुनर्विकास परियोजना के कार्य को प्रथम चरण के रूप (अनुमानित लागत ₹185.20 करोड़) में प्रारंभ किया जा रहा है। इस परियोजना के अंतर्गत सुरक्षित स्नान घाट, आरती स्थल, स्वच्छता एवं विश्राम की सुविधाएं, सुंदर घाट, सुगम पहुँच मार्ग, पैदल पथ, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे।
सीएम धामी ने बताया, कि शारदा नदी ने तट पर आरती स्थल अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीक से निर्मित होगा, जिसमें रेनवाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था और फ्लोर कूलिंग सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएँ होंगी। साथ ही बाढ़ प्रतिरोधी संरचनाओं से नदी के प्रवाह को नियंत्रित कर आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा, कि यह परियोजना धार्मिक पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन में नई गति लाएगी। उन्होंने इसे सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय दृष्टि से एक अद्वितीय मॉडल बताया, जो पूरे क्षेत्र के लिए विकास का प्रतीक बनेगा।
इस अवसर पर दायित्वधारी श्याम नारायण पांडे, शंकर कोरंगा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, सहित जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णा नाथ गोस्वामी, अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

