राजस्थान की राजधानी जयपुर में श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की गोली मारकर हत्या के बाद से राजस्थान में तनाव के हालात हैं। कई जिलों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। बाजार बंद हैं और स्कूलों की छूट्टी घोषित कर दी गई है। सुखदेव गोगामेड़ी के समर्थक जयपुर में भाजपा कार्यालय के बाहर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। इस दौरान कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर और बैनर फाड़ दिए गए। कार्यालय में तोड़फोड़ करने की जानकारी भी सामने आई है।
आजतक की रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान में विधानसभा चुनावों के परिणाम आने के दो दिन बाद श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या पर कई सवाल खड़े हो रहे है। इस हत्याकांड में पाकिस्तानी कनेक्शन भी सामने आ रहा है। दावा किया जा रहा है, कि सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या में पाकिस्तान का हाथ है। उनको पाकिस्तान से लगातार जान से मारने की धमकी मिल रही थी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सूत्रों के हवाले से सूचना मिल रही है, कि गोगामेड़ी हत्याकांड की जांच एनआईए को सौंपी जा सकती है। बताया जा रहा, कि जल्द एनआईए की चार सदस्यीय टीम जांच के लिए जयपुर पहुंच सकती है। उल्लेखनीय है, कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित हो रहे है, गिरोह से जुड़े अधिकांश मामलों की जांच केंद्रीय एजेंसियों के पास ही है। बता दें, राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार (5 दिसंबर, 2023) को करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की घर में घुस कर हत्या कर दी गई, जिसकी फुटेज भी सोशल मीडिया में वायरल हो रही है।
जांच के दौरान सामने आया है, कि पंजाब के बठिंडा स्थित जेल में बंद गैंगस्टर संपत नेहरा इस हत्याकांड का मास्टर मांइड है, जो लॉरेंस बिश्नोई का सबसे खास गुर्गा माना जाता है। कभी राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी रह चुका संपत नेहरा ऐसा अपराधी माना जाता है, जिस पर लॉरेंस बिश्नोई आँख बंदकर के भरोसा करता है। खेल में संपत नेहरा ने कई पुरस्कार भी जीते थे। कई गैंगवॉर, हथियारों की सप्लाई और हवाला के पैसों को ठिकाने लगाने में संपत नेहरा को एक्सपर्ट माना जाता है।
संपत नेहरा भी लॉरेंस बिश्नोई की तरह ही जेल से ही अपराध का गिरोह चलाता है। संपत नेहरा राजस्थान के रायगढ़ का रहने वाला है और उसके पिता रामचंदर चंडीगढ़ पुलिस में सब-इंस्पेक्टर थे। उसका बचपन पंजाब में ही बीता। पंजाब यूनिवर्सिटी में उसकी मुलाकात लॉरेंस बिश्नोई से हुई। लॉरेंस बिश्नोई ने कॉलेज में स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी नामक संगठन का गठन किया था, जिसका मुखिया संपत नेहरा ही था। 2016 में कार लूट में संपत पहली बार गिरफ्तार हुआ।