भुवनेश्वर धमाके का CCTV फुटेज आया सामने (फोटो साभार: X@NewsAlgebraIND)
ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित सुंदरपाड़ा इलाके में 27 जनवरी को हुए विस्फोट का CCTV फुटेज सामने आया है। इस धमाके में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई। धमाका इतना जोरदार था, कि आसपास के इलाकों में तेज झटके महसूस हुए। पुलिस जांच में अवैध बम निर्माण की संभावना जताई जा रही है।
भुवनेश्वर के डीसीपी जगमोहन मीणा ने बताया, “मामले में हिस्ट्रीशीटर शहनवाज मलिक मुख्य आरोपी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है, कि शहनवाज मलिक अपने सहयोगियों के साथ घर की छत पर विस्फोटक उपकरण बना रहा था। घटनास्थल से बारूद भी बरामद हुआ है। पुलिस इलाके में छापेमारी कर अन्य विस्फोटकों की तलाश कर रही है।”
सोशल मीडिया पर वायरल CCTV फुटेज में नजर आ रहा है, कि आरोपित शहनवाज घर की छत पर कथित तौर पर देसी बम तैयार कर रहा था। इसी दौरान जोरदार विस्फोट होता है। धमाके के बाद धुआँ फैल जाता है, लोग घबराकर छत से नीचे उतरने लगते हैं। एक महिला के कपड़ों में आग लग जाती है, जबकि एक युवती बुरी तरह झुलसकर दर्द से कराहती हुई भागती दिख रही है।
CCTV फुटेज सामने आने के बाद और मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जांच अपने हाथ में ले ली है। अधिकारियों के मुताबिक, फुटेज और फॉरेंसिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि विस्फोट के सटीक कारण और किसी बड़ी साजिश की संभावना का पता लगाया जा सके। जांच जारी रहने तक इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, शहनवाज मलिक एक कुख्यात अपराधी है, जिसके विरुद्ध भुवनेश्वर के कई थानों में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। शुरुआती जाँच में आशंका जताई जा रही है, कि वह किसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए क्रूड बम तैयार कर रहा था। जांच एजेंसिया पता लगा रही है, कि उसके पास इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री आखिर आई कहाँ से?

